Uttarakhand: धामी सरकार का एक साल, 'एक साल नई मिसाल’ के तहत इस दिन होंगे ये कार्यक्रम
धामी सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर 23 मार्च को जनपद मुख्यालयों में 'एक साल नई मिसाल' कार्यक्रम के अन्तर्गत 'जन सेवा' थीम पर बहुद्देशीय शिविरों एवं चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जायेगा।

धामी सरकार 23 मार्च को एक साल पूरा करने जा रही है। सरकार के एक साल के कार्यकाल पर प्रदेश भर में जन सेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी द्वारा कार्यक्रमों की रूपरेखा और इनकी समुचित तैयारी के लिए निर्देश जारी किए गए हैं।
'जन सेवा' थीम पर बहुद्देशीय शिविरों एवं चिकित्सा शिविरों का आयोजन
सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 23 मार्च को राज्य के जनपद मुख्यालयों में 'एक साल नई मिसाल' कार्यक्रम के अन्तर्गत 'जन सेवा' थीम पर बहुद्देशीय शिविरों एवं चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जायेगा। मुख्य कार्यक्रम देहरादून में आयोजित किया जायेगा। सभी जिलों में मुख्यालयों में भी 23 मार्च को कार्यक्रम का आयोजन किया जाना है, जिसमें विकास पुस्तिका का विमोचन, बहुद्देशीय शिविर और चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जायेगा। जिला मुख्यालयों में कार्यक्रम की अध्यक्षता सम्बन्धित जनपद के प्रभारी मंत्री के द्वारा की जायेगी। जहां प्रभारी मंत्री नहीं पहुंच पाएंगे वहां की जिम्मेदारी सांसद करेंगे। बहुद्देशीय शिविर में आम जन को प्रदान की जाने वाली सेवाओं की उपलब्धता, विभिन्न विभागों द्वारा प्रदान की जाने वाली जनोपयोगी योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी, निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं दवाओं का वितरण आदि सुनिश्चित किया जायेगा जनपद स्तर पर कार्यक्रम का शुभारम्भ सुबह 11 बजे किया जाना है। प्रभारी मंत्री, सांसद द्वारा पहले जनता को सम्बोधित किया जायेगा।
उत्तराखण्ड की लोक परम्पराओं, लोक नृत्य, लोक गायन, लोक कला कार्यक्रमों का भी आयोजन
देहरादून में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को मुख्यमंत्री अपराह्न लगभग 12ः30 बजे सम्बोधित करेंगे। जिसका प्रसारण के सभी जिला मुख्यालयों में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में भी प्रसारित किया जायेगा। बहुद्देशीय शिविर,चिकित्सा शिविर एवं कार्यक्रम के आयोजन की व्यवस्था सम्बन्धित जिले के जिलाधिकारी द्वारा की जायेगी। कार्यक्रम स्थल पर उत्तराखण्ड की लोक परम्पराओं, लोक नृत्य, लोक गायन, लोक कला जैसे कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जायेगा।
24 से 30 मार्च तक 'जन सेवा' थीम पर आयोजन
कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ ही साथ जन सामान्य के लिए सरकार द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं से सम्बन्धित पठनीय सामग्री भी उपलब्ध कराई जायेगी। जनपद मुख्यालय पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी आमंत्रित किया जायेगा। इसके अलावा 24 मार्च से 30 मार्च तक 'जन सेवा' थीम पर प्रत्येक विधानसभा, ब्लॉक स्तर पर भी बहुद्देशीय शिविर एवं चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जायेगा। विधानसभा क्षेत्र, ब्लॉक मुख्यालयों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तिथि निश्चित कर बहुद्देशीय शिविर के आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जायेगा,जिसमें जनसहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications