उत्तराखंड में 'एक चिट्ठी' ने मचाया भूचाल, आखिर धामी के नाम पर वायरल हो रही इस चिट्ठी में क्या है?
सीएम पुष्कर सिंह धामी के जनसंपर्क अधिकारी के नाम से लिखा गया एक सिफारिशी पत्र के सोशल मीडिया में वायरल होने से हड़कंप
देहरादून, 11 दिसंबर। उत्तराखंड में सीएम पुष्कर सिंह धामी के जनसंपर्क अधिकारी के नाम से लिखा गया एक सिफारिशी पत्र के सोशल मीडिया में वायरल होने से हड़कंप मचा हुआ है। वायरल पत्र में एसएसपी बागेश्वर से तीन वाहनों का चालान निरस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। मामला सामने आने के बाद सीएम ने अधिकारी को बर्खास्त करते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं। सोशल मीडिया में पत्र के वायरल होने के बाद कांग्रेस को एक बार फिर सरकार और सीएम पर हमला करने का मौका मिल गया है। कांग्रेस इस मुद्दे को खनन से जोड़ रही है। साथ ही कांग्रेस का आरोप है कि जिन गाड़ियों को छुड़ाने के लिए सीएम के पीआरओ सिफारिश पत्र भेज रहे हैं, वे गाड़िया भाजयुमो के पदाधिकारी के हैं। हालांकि आरोपों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

चुनाव में कांग्रेस को मिला बड़ा मुद्दा
चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस को सीएम पुष्कर सिंह धामी पर सीधा हमला करने का मौका मिल गया है। सीएम धामी चुनाव तक अपनी छवि को जिस तरह से पेश किया जा रहा था, उस पर एक वायरल पत्र ने सवालिया निशान खड़ा कर दिया है। उत्तराखंड शासन ने इस पत्र की प्रामाणिकता को लेकर जांच के आदेश दिए हैं। इस पत्र में जिन तीन वाहनों के नंबरों का उल्लेख किया गया है, वे कथित तौर पर एक भारतीय जनता युवा मोर्चा नेता के बताए जा रहे हैं। कांग्रेस का आरोप है कि चालान किए गए ट्रक भाजयुमो नेता के हैं। यह भी कहा जा रहा है कि चालान ओवरलोडिंग के चलते किए गए। वायरल पत्र सिफारिश के तौर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जनसंपर्क अधिकारी नंदन सिंह बिष्ट के लेटर हेड पर एसएसपी बागेश्वर के नाम जारी हुआ है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पूरे मामले में अधिकारी को बर्खास्त कर मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
Recommended Video

पत्र में सीएम के मौखिक निर्देश का जिक्र
वायरल पत्र में सबसे चौंकाने वाल विषय जो नजर आया वो और भी गंभीर है। इस पत्र में जिक्र किया गया है कि मुख्यमंत्री जी के मौखिक निर्देशानुसार यानि सीएम के बिना लिखित आदेश पर पत्र जारी करने का दावा किया गया है। पत्र में लिखा गया है कि
'मुख्यमंत्री जी के मौखिक निर्देशानुसार मुझे यह कहने का निर्देश हुआ है कि दिनांक 29.11.2021 को बागेश्वर यातायात पुलिस, बागेश्वर द्वारा किये गए वाहन संख्या यूके 02 सीए 0238, यूके 02 सीए 1238 और यूके 04 सीए 5907 के चालान को निरस्त करने का कष्ट करें'

कांग्रेस सीएम पर लगा रही खनन प्रेमी का आरोप
वायरल पत्र के बाद से विपक्ष सोशल मीडिया में लगातार सरकार और सीएम पर खनन माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप लगा रहे हैं। पूर्व सीएम हरीश रावत धामी के सीएम बनने के बाद से धामी को खनन प्रेमी सीएम कहते आ रहे हैं। साथ ही खनन को लेकर लगातार सोशल मीडिया पर सीएम और सरकार को निशाना बना रहे हैं। ऐसे में सोशल मीडिया में सामने आए पत्र ने कांग्रेस को चुनाव से पहले बड़ा मुद्दा देते हुए संजीवनी दे दी है। जिससे भाजपा की मुश्किलें बढ़ना तय है। मथुरा दत्त जोशी, संगठन महामंत्री कांग्रेस ने कहा कि
खनन प्रेमी अपनी ताकत का इस्तेमाल करते हुए खनन माफिया के पक्ष में प्रशासन पर नाजायज दबाव बना रहे है, धामी सरकार में तमाम नियम-कानूनों को ताक पर रखा जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications