होली पर पूर्व सीएम हरीश रावत ने ट्रेडमिल से अनोखे अंदाज में भाजपा पर कसा तंज, कही बड़ी बात
मुस्लिम यूनिवर्सिटी के मुद्दे को लेकर फिर भाजपा को घेरा
देहरादून, 19 मार्च। उत्तराखंड में कांग्रेस की करारी हार के लिए पूर्व सीएम हरीश रावत लगातार मुस्लिम यूनिवर्सिटी के मुद्दे को उठाने में लगे हैं। हरीश रावत चुनाव हारने के बाद से ही भाजपा पर इस प्रकरण के बाद किए गए दुष्प्रचार को लेकर हमलावर है। अब होली का त्यौहार होने पर हरीश रावत ने अनोखे अंदाज में भाजपा पर तंज कसा है। ट्रेडमिल पर व्यायाम करते हुए हरीश रावत ने भाजपा की सरकार को मुस्लिम यूनिवर्सिटी के दुष्प्रचार के गर्भ से पैदा हुई करार दी है।

होली पर हरदा का दिखा अनोखा अंदाज
चुनाव में कांग्रेस चुनाव अभियान की कमान संभालने वाले हरीश रावत अब कांग्रेसी नेताओं के निशाने पर हैं। साथ ही कांग्रेस में हार का ठीकरा प्रदेश संगठन पर फोड़ा जा चुका है। इधर कांग्रेस में भी अब हार के मंथन को लेकर जल्द ही बैठक बुलाई जाम सकती है। इस बीच प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के इस्तीफे के बाद अब नए स्तर से संगठन को खड़ा करने की चुनौती है। बीच में होली आ जाने से हर कोई त्यौहार के रंग में रंगा हुआ नजर आया। कांग्रेस के सीनियर नेता और पूर्व सीएम हरीश रावत भी होली के रंगों में पूरी तरह से रंगे नजर आए। इतना ही नहीं हरीश रावत ने अपने अंदाज में होली मनाई और परिवार के साथ ढ़ोलक बजाते हुए भी होली मनाते हुए नजर आए। इससे पहले हरीश रावत ने अपने ही अंदाज में प्रदेशवासियों को होली की बधाई दी, लेकिन इसमें एक तंज भाजपा के लिए भी कसा।
ट्रेडमिल में व्यायाम करते हुए आए नजर
ट्रेडमिल में व्यायाम करते हुए हरीश रावत ने भाजपा की वर्तमान सरकार को मुस्लिम यूनिवर्सिटी की कोख से जन्मी सरकार करार दिया है। जिसको लेकर रावत ने फेसबुक पर एक पोस्ट की है। जिसमें लिखा है कि-
भाजपा की दुष्प्रचारक ब्रिगेड, जिस तरीके से मुस्लिम यूनिवर्सिटी को लेकर एक झूठ को गढ़ने के बाद अब उस झूठ के चारों तरफ विद्वेष ताना-बाना बुन रही है। मुझे, वो यह सिद्ध करने पर लगे हैं कि जो उनका वर्तमान बहुमत है, वह मुस्लिम यूनिवर्सिटी के दुष्प्रचार के गर्भ से पैदा हुआ है। कब तक दुष्प्रचार के गर्भ से सरकारें बनेंगी! उपनल सहित हजारों सरकारी पदों पर आरूढ़ नौजवानों का भविष्य चौपट दिखाई दे रहा है, पर्यावरण की रक्षा, एक स्वस्थ शहरी विकास की नीति, महंगाई, बेरोजगारी, विकास, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी कई-कई स..स..स..स समस्याएं हैं, कब चुनाव परिणामों का कारक बनेगी! काश हम अपने जीवन काल में ऐसा कर पाएं, लगे रहो मुन्ना भाई! बुरा न मानो होली है, आप सबको होली की बहुत-बहुत बधाई।
नहीं थम रहा मुद्दे को लेकर रार
इस पोस्ट के बाद भाजपा और कांग्रेस में फिर से मुस्लिम यूनिवर्सिटी का मुद्दा गरमाना तय है। चुनाव के दौरान भाजपा ने इस मुद्दे को जमकर उछाला। इतना ही नहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हरीश रावत पर जमकर हमला किया। हरीश रावत पर भाजपा का हमला करने का कारण था, कांग्रेस के एक पदाधिकारी का चुनाव में नाम वापस लेने की शर्त रखनी जिसमें मुस्लिम यूनिवर्सिटी खोलने की मांग पर हरीश रावत की सहमति देने का आरोप लगाया था। अब हरीश रावत ने इस मुद्दे पर एफआईआर दर्ज कराई है।












Click it and Unblock the Notifications