Manmohan Singh: देहरादून से क्यों था खास लगाव, अपनों के बीच कैसा था पूर्व पीएम का अंदाज
Manmohan Singh news:पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन से पूरे देश में शोक की लहर है। हर कोई पूर्व पीएम के साथ बिताए हुए पलों को याद कर रहे हैं। मनमोहन सिंह का देहरादून से भी खास नाता रहा है। पूर्व पीएम को देहरादून आना जाना लगा रहता था।
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के ताऊ गोपाल सिंह कोहली देहरादून के रेसकोर्स में रहते थे। उनके परिजन आज भी रेसकोर्स में रहते हैं। परिजनों ने बताया कि मनमोहन सिंह को देहरादून की आबोहवा काफी पसंद थी, वे यहां कई बार वक्त बिताने आए।

उनका सरल व्यवहार और सादगी हर किसी को उनके व्यक्तित्व की और आकर्षित करती थी। उनके जाने से उत्तराखंड में भी गम का माहौल है। हर कोई पूर्व पीएम को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
सीएम धामी ने सोशल मीडिया के जरिए जारी संदेश में लिखा कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्र की सेवा के प्रति समर्पित रहा। ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों व समर्थकों को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
पूर्व सीएम और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने लिखा है कि डॉ.मनमोहन सिंह एक अभूतपूर्व व्यक्तित्व, एक ऐसे वित्त मंत्री जिन्होंने भारत के आर्थिक विकास की बुनियाद जिसे राजीव गांधी ने रखा था। नई आर्थिक योजनाओं के साथ उस बुनियाद को ऊपर उठाया। आज की बुलंद इमारत उनके वित्त मंत्री के रूप में जो कृतित्व था, उसी का परिणाम है और उसी को उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री के रूप में आगे बढ़ाया।
हरीश रावत ने लिखा कि भारत को एक आर्थिक महाशक्ति के रूप में स्थापित करने के रास्ते पर खड़ा किया। हमको 5 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनने का सपना दिखाया और उस सपने की दिशा में वह देश को आगे लेकर के चले, उनके ही कार्यकाल में 27 करोड़ लोग गरीबी की रेखा से ऊपर आए। गरीबों को मनरेगा के काम का अधिकार, वनवासियों को जंगल के निकट जहां वह रहे थे वहां उन्होंने वनाधिकार के रूप में अधिकार प्रदान किया।
किसानों को 70 हजार करोड़ की कर्ज माफी, सूचना का अधिकार सार्वजनिक जीवन की स्वच्छता की दिशा में एक अभूतपूर्व कदम, शिक्षा का अधिकार, चिकित्सा का अधिकार, अन्न सुरक्षा का अधिकार, एक के बाद एक अधिकारों की श्रृंखला आमजन के लिए देने वाले प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी हमारे बीच आज नहीं हैं, लेकिन वह हमारे व देशवासियों के दिलों में और भारत के शुभचिंतकों के दिलों में हमेशा रहेंगे। एक महान सिख, एक महान भारतवासी, एक महामानव डॉ. मनमोहन सिंह जी आप हमको हमेशा याद आएंगे। हम सब शोक संतृप्त हैं, एक-दूसरे को सांत्वना दे सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications