बसपा को लगा झटका,हरिद्वार में पूर्व मंत्री ने थामा भाजपा का दामन,इस सीट से चुनाव लड़ने की चर्चा
उत्तराखंड की हरिद्वार सीट पर प्रत्याशी के ऐलान से पहले रविवार को गुर्जर नेता करतार भड़ाना ने भाजपा ज्वाइन कर ली। माना जा रहा है कि भड़ाना को भाजपा मंगलौर सीट से उपचुनाव लड़ा सकती है। मंगलौर सीट बसपा विधायक सरबत करीम अंसारी के निधन से खाली हुई है। भड़ाना पिछले चुनाव में बसपा के टिकट से चुनाव लड़ चुके हैं। हालांकि वे कांग्रेस के भी संपर्क में रहे। ऐसे में बसपा और कांग्रेस दोनों सियासी दलों को भड़ाना के भाजपा में जाने से चुनाव से पहले झटका लगा है।

लोकसभा चुनाव में कांग्रेस समेत विपक्षी दलों से नेताओं को भाजपा में आने का सिलसिला जारी है। हरिद्वार सीट पर अभी भाजपा प्रत्याशी को लेकर मंथन कर रही है। लेकिन पार्टी हरिद्वार सीट पर अपने समीकरण साधने में जुटी है। हरिद्वार सीट पर बहुजन समाज पार्टी का भी जनाधार है। लेकिन रविवार को बसपा को भाजपा ने बड़ा झटका दिया है। हरियाणा के विधायक और मंत्री रहे करतार भड़ाना भाजपा के पाले में पहुंच गए हैं। भड़ाना के भाजपा ज्वाइन करने से कई समीकरण बदल सकते हैं।
पिछले विधानसभा चुनाव में भड़ाना ने बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था। उत्तराखंड के प्रभारी और राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने रविवार को भड़ाना और उनके समर्थकों को भाजपा ज्वाइन कराई। इस दौरान दुष्यंत गौतम ने कहा दूसरे दल जब घर में राम की पूजा करते हैं और उसके बाद बाहर आकर उनके नेता सनातन को तोड़ने का काम करते तब वे घुटन महसूस करते हैं।
प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा सनातन धर्म को बदनाम करने और टुकड़े टुकड़े गैंग का समर्थन करने वाली पार्टियों के समर्थक परेशान हो चुके हैं। करतार सिंह भड़ाना हरिद्वार की मंगलौर विधानसभा में होने वाले उपचुनाव में भाजपा से दावेदारी पेश कर चुके हैं।
उन्होंने भी चुनाव लड़ने से इंकार नहीं किया है।इस दौरान त्रिवेंद्र सिंह रावत भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। हरिद्वार में हुए भाजपा के कार्यक्रम से सांसद रमेश पोखरियाल निशंक का न होना चर्चा का विषय बना हुआ है। इस कार्यक्रम में त्रिवेंद्र सिंह रावत की उपस्थिति और सक्रियता को त्रिवेंद्र की हरिद्वार से चुनाव लड़ने की तैयारियों के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि त्रिवेंद्र सिंह रावत हरिद्वार सीट से प्रबल दावेदार हैं।












Click it and Unblock the Notifications