महंगी होगी केदारनाथ हेली सर्विस, जानिए इस बार पिछले सीजन से कितने ज्यादा पैसे करने पड़ेंगे खर्च
केदारनाथ यात्रा के लिए हेली सर्विस का लाभ लेने वाले श्रद्धालुओं को इस बार ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे।
केदारनाथ हेली सेवा के किराये में पांच प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी। बाबा केदार के कपाट इस बार 10 मई को खुल रहे हैं। इसी दिन से सिरसी, फाटा और गुप्तकाशी से हेली सेवा का संचालन शुरू हो जाएगा।

उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण ने केदारनाथ हेली सेवा के संचालन के लिए एविएशन कंपनियों के साथ तीन साल का अनुबंध किया है। अनुबंध की शर्तों के अनुसार, इस बार हेली कंपनियां किराये में पांच प्रतिशत तक बढ़ोतरी करेगी।
पिछले यात्रा सीजन में पवन हंस, कैट्रल एविएशन, हिमालयन हेली, एयरो एविएशन समेत अन्य कंपनियों से हेली सेवा का संचालन किया था। यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर से केदारनाथ जाने के लिए टिकटों की मारामारी रहती है।
पिछले साल की तरह इस बार भी टिकटों की बुकिंग आईआरसीटीसी के माध्यम से की जाएगी। पिछली यात्रा में 1.50 लाख से अधिक तीर्थयात्री हेलीकॉप्टर से केदारनाथ धाम पहुंचे थे।
चारधाम यात्रा में केदारनाथ हेली सेवा से जाने के लिए यात्रियों का पंजीकरण अनिवार्य होगा। बिना पंजीकरण के यात्री हेली सेवा की ऑनलाइन टिकट बुकिंग नहीं कर पाएंगे। साथ ही एक बार में एक व्यक्ति अपनी आईडी से अधिकतम छह सीटों की बुकिंग कर सकेगा।
समूह में यात्रा करने वाले यात्री एक बार में 12 सीट बुक कर सकते हैं। इस बार भी आईआरसीटीसी के माध्यम हेली टिकटों की बुकिंग की जाएगी। चार धाम यात्रा के रजिस्ट्रेशन जल्द ही शुरू हो जाएंगे। 10 मई से ही यात्रा का संचालन शुरू होना है।
पिछली बार एक तरफा किराया, प्रति यात्री (रुपये में)
- सिरसी से केदारनाथ- 2,749
- फाटा से केदारनाथ- 2,750
- गुप्तकाशी से केदारनाथ- 3,870












Click it and Unblock the Notifications