Kedarnath dham yatra: केदारनाथ की यात्रा फिर से शुरू, चारों धाम समेत उत्तराखंड के लिए ये मौसम का अपडेट
गुरुवार को मौसम साफ होने के बाद केदारनाथ की यात्रा फिर से शुरू हो गई है। कई दिनों से बर्फबारी के चलते यात्रियों को रोका जा रहा था। सोनप्रयाग से सुबह 11 बजे तक 2 हजार यात्री धाम के लिए रवाना किए गए।

गुरुवार को मौसम साफ होने के बाद केदारनाथ धाम की यात्रा फिर से शुरू हो गई है। कई दिनों से बर्फबारी के चलते यात्रियों को रोका जा रहा था। सोनप्रयाग से सुबह 11 बजे तक 2 हजार यात्री धाम के लिए रवाना किए गए। मौसम विभाग ने आज से मौसम बदलने के आसार जताए हैं। अगले दो दिन मौसम साफ रह सकता है।
ऐवलांच आने से पैदल मार्ग बंद हो गया था
उत्तराखंड पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को 3 मई को श्री केदारनाथ धाम के यात्रा मार्ग कुबेर गधेरे के समीप ऐवलांच आने से पैदल मार्ग बंद हो गया था, जिसे मौके पर स्थानीय प्रशासन, एसडीआरएफ व पीडब्लूडी द्वारा युद्ध स्तर पर कार्य करते हुए मार्ग को पैदल यात्रा के लिए खोल दिया गया है। पुलिस ने बताया कि यहां से घोड़ा-खच्चर व डंडी-कंडी नहीं जा सकता है, केवल मार्ग पैदल यात्रियों के लिए खुला है। मार्ग को पूरी तरह से खोले जाने का कार्य सुचारु रूप से चल रहा है।
आज मौसम साफ, हेली सेवा भी शुरू
केदारनाथ धाम में कई दिन बर्फबारी के बाद आज मौसम साफ बना हुआ है। हेली सेवा भी शुरू हो गई है। हालांकि पुलिस अब भी मौसम देखकर ही यात्रियों से यात्रा करने की सलाह दे रही है। केदारनाथ धाम के लिए पांच से 10 मई तक 1.25 लाख से अधिक तीर्थ यात्रियों का पंजीकरण कराया है। सरकार ने चार मई तक केदारनाथ धाम की यात्रा के लिए पंजीकरण पर रोक लगाई है। इधर डीजीपी अशोक कुमार ने इस दौरान पुलिस अधिकारियों के साथ केदारनाथ में ही डेरा डाले रखा और श्रद्धालुओं से संवाद बनाते नजर आए। इस बीच जगह-जगह श्रद्धालुओं को मौसम खराब होते ही रोका जा रहा था। मौसम साफ होते ही यात्रियों को आगे भेजा जा रहा है।
5,6 मई को मौसम सामान्य रहने की संभावना
उत्तराखंड में तीन दिन बाद बारिश से राहत मिली है। सुबह चारधाम समेत प्रदेशभर में हल्की धूप खिली। मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों कहीं-कहीं गर्जना के साथ ओलावृष्टि और अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार से मौसम में बदलने के आसार जताए हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली बागेश्वर, पिथौरागढ, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और चंपावत में कहीं-कहीं हल्की बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। पांच और छह मई को मौसम सामान्य रहने की संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications