Kedarnath dham yatra: केदारनाथ यात्रा में हेली सेवा के लिए ऑन स्पॉट टिकट बुकिंग की सुविधा, ये है प्रक्रिया
केदारनाथ में श्रद्धालुओं को हेली सर्विस की ऑन स्पॉट की सुविधा भी दी जाएगी। रुद्रप्रयाग जिले के तीन हेलीपैड गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी में तीन-तीन टिकट केंद्र स्थापित किए गए हैं।

केदारनाथ यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को हेली सर्विस की ऑन स्पॉट की सुविधा भी दी जाएगी। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर रुद्रप्रयाग जिले के तीन हेलीपैड गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी में तीन-तीन टिकट केंद्र स्थापित किए गए हैं। ये केंद्र श्रद्धालुओं को तत्काल श्रेणी में उपलब्ध सीटों पर ऑन स्पॉट बुकिंग की स्थिति की जानकारी देंगे।
तीन-तीन घंटों के चार स्लाट बनाए गए
इसके लिए यात्री अपने स्मार्ट फोन या लैपटाप से आईआरसीटीसी की वेबसाइट के जरिये टिकट बुक कर सकेंगे। यात्री जिस हेलीपैड पर होंगे, उन्हें उसी स्थान से टिकट दिया जाएगा। साथ ही 12 घंटे रोजाना संचालित होने वाली हेली सेवा में तीन-तीन घंटों के चार स्लाट बनाए गए हैं। जिसमें यात्रियों को उनके स्लाट के अनुसार ही सेवा मिलेगी। अगर यात्री किसी कारण से तय स्लाट के समय अंतराल में नहीं पहुंच पाता है, तो उसको अगले स्लाट का मौका उसी टिकट पर नहीं दिया जाएगा। टिकटों को रद भी नहीं किया जाएगा।
आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर ही टिकट बुक
केदारनाथ धाम के कपाट 25 अप्रैल को खुलने जा रहे हैं। हेली सेवा भी कपाट के खुलते ही शुरू हो जाएगी। इसके लिए केदारनाथ हेली सेवा के टिकटों की बुकिंग शुरू हो चुकी है। पहली बार टिकटों की बुकिंग आईआरसीटीसी की ओर से किया जाएगा। जो कि ऑनलाइन की जा रही है। आईआरसीटीसी की वेबसाइट heliyatra.irctc.co.in पर ही हेली सेवा की टिकट बुक हो सकेंगे।
इमरजेंसी कोटे के तहत 10 प्रतिशत टिकटों की बुकिंग
90 प्रतिशत टिकटों की बुकिंग आईआरसीटीसी जबकि इमरजेंसी कोटे के तहत 10 प्रतिशत टिकटों की बुकिंग ऑफलाइन की जाएगी। टिकटों की कालाबाजारी रोकने के लिए इस बार बुकिंग सिस्टम को पारदर्शी बनाने के लिए कई सख्त नियम बनाए गए हैं। हेली सेवा से पहले यात्री को चारधाम यात्रा का पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। पंजीकरण के बाद ही हेली सेवा की ऑनलाइन टिकट बुकिंग होगी।
एक व्यक्ति अपनी आईडी से अधिकतम छह सीटों की बुकिंग कर सकेगा
एक बार में एक व्यक्ति अपनी आईडी से अधिकतम छह सीटों की बुकिंग कर सकेगा, जबकि समूह में यात्रा करने वाले यात्री एक बार में 12 सीट बुक कर सकेंगे।बिना टिकट के किसी हेलीपैड में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। हेलीपैड के प्रवेश स्थान पर टिकट में क्यूआर कोड को स्कैन करने के बाद ही यात्री को जाने की अनुमति होगी। हेली सेवा का टिकट रद्द करने पर भुगतान भी ऑनलाइन सिस्टम के माध्यम से किया जाएगा।
हेली सेवा रद्द होने पर यात्रियों को पूरा किराया वापस
मौसम खराब होने या तकनीकी कारणों से हेली सेवा रद्द होने पर यात्रियों को पूरा किराया वापस किया जाएगा। केदारनाथ के लिए तीन स्टेशन से हेली सर्विस रहेगी। गुप्तकाशी, फाटा, सिरसी से केदारनाथ। गुप्तकाशी से 3870 एक तरफ और 7740 दोनों तरफ टिकट रहेगा। इसी तरह से 2750 और 5500 जबकि सिरसी से केदारनाथ 2749 और दोनों तरफ 5498 प्रति व्यक्ति टिकट होगा।












Click it and Unblock the Notifications