Kailash Vijayvargiya uttarakhand visit: फीडबैक लेने के साथ ही मंत्रियों और पदाधिकारियों को दी ये हिदायत
भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय का देहरादून दौरा
Kailash Vijayvargiya uttarakhand visit भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अपने देहरादून दौरे के दौरान जहां कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया वहीं मंत्री और पदाधिकारियों तक हाईकमान का सख्त संदेश भी पहुंचाया। उन्होंने सरकार व संगठन के बीच परस्पर समन्वय पर भी जोर दिया।

हाल मे घटित घटनाओं पर धामी सरकार ने त्वरित गति से उचित कार्यवाही की
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि हाल मे घटित घटनाओं पर धामी सरकार ने त्वरित गति से उचित कार्यवाही की है और इसे जनता का सरकार की प्रति विश्वास भी बढ़ा है। उत्तराखंड प्रवास के अंतिम दिन पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार व संगठन आपसी तालमेल से प्रदेश के विकास के लिए बेहतर कार्य कर रही है । उन्होंने कहा आज मोदी जी द्वारा केंद्र से किसी भी योजना का भेजा गया एक एक रुपया लाभार्थी को मिलता है जो हमारी नीयत व नीति का प्रमाण है। उन्होंने बताया कि उन्होने बूथ मंडल स्तर तक के कार्यकर्ताओं से सरकार व पार्टी के कामों की जानकरी ली है । उन्हें प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि आम जनता व कार्यकर्ताओं तक केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है । कांग्रेस के अध्यक्ष चुनाव पर पूछे गए सवाल के जबाब में उन्होंने तंज किया कि उम्र के इस पड़ाव में खड़गे जी से कांग्रेस में परिवर्तन लाने की उम्मीद करना बेमानी है। गांधी परिवार को बस नाम का ही अध्यक्ष चाहिए और नाम का ही पीएम । उन्होंने यात्रा पर तंज किया कि उनके नाना ने ही कश्मीर में धारा 370 लगाकर भारत तोड़ों अभियान शुरू कर दिया था।
विकास के कामों का फीड बैक लिया व आवश्यक मार्गदर्शन दिया
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने सोमवार को अलग-अलग बैठकों में पार्टी के महापौरों, नगरपालिका अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुखों व जिला सहकारी समितियों के अध्यक्षों के साथ बैठक की । इस मौके पर उन्होंने जिले, महानगर से लेकर कस्बों व गांवों में केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं व वहां संचालित विकास के कामों का फीड बैक लिया व आवश्यक मार्गदर्शन दिया। कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि हमारी कोशिश होनी चाहिए सरकार की योजनाओं व विकास कार्यों का लाभ प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचे । उन्होंने कहा आज केंद्र से लेकर प्रदेश तक व प्रदेश से लेकर गांवों तक अधिकांशतया भाजपा की सरकार ही जनता की पसंद है, ऐसे में हमारी भी जिम्मेदारी है कि उनके विश्वास पर खरा उतरें । हम राज्य, नगर निगम, जिला पंचायत, सहकारी समिति लगभग सभी स्थानों पर जनभावनाओं के अनुरुप काम कर रहे है जिसे लगातार और अधिक बेहतर करने की कोशिश हम सबको करनी है।
छह माह के कार्यकाल का फीडबैक लिया
रविवार को सीएम धामी की उपस्थिति में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने धामी सरकार के मंत्रियों के साथ बैठक कर छह माह के कार्यकाल का फीडबैक लिया। उन्होंने सरकार व संगठन के बीच परस्पर समन्वय पर जोर दिया। राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि मंत्रियों के कामकाज पर केंद्रीय नेतृत्व की नजर है। आगामी नगर निकाय चुनाव को देखते हुए मंत्रियों को नगर निगम व पालिकाओं की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकार के भावी लक्ष्यों और विजन की जानकारी दी। सीएम ने कहा कि 2025 तक उत्तराखंड को देश के सबसे अग्रणी राज्यों में शामिल करने की दिशा में सरकार बढ़ रही है। अगले पांच सालों में राज्य की जीडीपी को दोगुना करने का लक्ष्य बनाया गया है। दूसरे राज्यों की सफल योजनाओं का अध्ययन सरकार कर रही है। जिससे व्यवहारिकता को जांचते हुए उन योजनाओं को राज्य में लागू किया जा सके। बैठक में भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि सरकार व संगठन परस्पर समन्वय से जनता के बीच जाकर कार्य करेंगे। उन्होंने मंत्रियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकार व संगठन से जुड़े मामलों में सोच समझकर बयान दें। विजयवर्गीय ने कहा कि संगठन से संबंधित मुद्दों पर प्रदेश अध्यक्ष और सरकार से जुड़े मामलों में मुख्यमंत्री से पहले बातचीत करें। उन्होंने कहा कि प्रभारी मंत्री अपने.अपने जिलों का दौरा करें। जिला स्तर के कार्यकर्ताओं से भी समन्वय जरूरी है। उन्होंने कहा कि आगामी नगर निकाय चुनावों को देखते हुए मंत्रियों को जिलों पर विशेष फोकस करने की आवश्यकता है। मंत्रियों को नगर निगम व पालिकाओं की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications