चारधाम यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन करा रहे हैं तो हो जाइए सावधान, कहीं आधे रास्ते से ही न लौटना पड़े
चार धाम यात्रा में फर्जी रजिस्ट्रेशन करने के मामले आए सामने
देहरादून, 30 मई। अगर आप चारधाम यात्रा के लिए निकल रहे हैं तो एक बार ये जरुर चेक कर लें कि आपका रजिस्ट्रेशन हुआ है कि नहीं। साथ ही रजिस्ट्रेशन भी पर्यटन विभाग की वेबसाइट पर जाकर ही कराएं। जिससे आपके साथ किसी तरह का कोई फर्जीवाड़ा न हो। चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं के साथ फर्जी रजिस्ट्रेशन करने के मामले सामने आने के बाद सरकार ने अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सही प्लेटफॉर्म पर जाकर रजिस्ट्रेशन करने की अपील की है। राज्य सरकार की ओर से फर्जीवाड़ा रोकने को रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट की क्यूआर स्कैनिंग भी अनिवार्य की गई है।

अब तक 80 मामले आ चुके हैं फर्जी रजिस्ट्रेशन के
चार धाम यात्रा में आने के लिए फर्जी रजिस्ट्रेशन करने के मामले सामने आने के बाद पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है। राज्य सरकार की ओर से श्रद्धालुओं को केवल पर्यटन विभाग की वेबसाइट पर ही रजिस्ट्रेशन कराने की अपील की जा रही है। कई यात्री साइबर कैफे या बाहर से फर्जी रजिस्ट्रेशन करा रहे हैं। ऐसे में यात्रियों को यात्रा मार्ग पर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई यात्रियों को इस फर्जीवाड़े की वजह से वापस लौटना पड़ रहा है। फर्जी रजिस्ट्रेशन को लेकर अभी तक करीब 80 मामले सामने आने की बात की जा रही है। ऐसे लोगों को चारधाम यात्रा पर जाने से रोका गया है। उधर रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट की क्यूआर स्कैनिंग भी अनिवार्य की गई है। राज्य सरकार ने इसके लिए क्यूआर कोड की स्कैनिंग रैंडमली कराने का निर्णय लिया है। पर्यटन सचिव ने कहा कि आमतौर पर लोग मानसून से पहले ही चारधाम यात्रा प्लान करते हैं। लेकिन चारधाम अक्तूबर तक चलती है। ऐसे में लोगों को सलाह दी जा रही है कि वे अभी यात्रा प्लान करने की बजाए जून, जुलाई, अगस्त, सितम्बर और अक्तूबर के महीनों तक यात्रा प्लान कर सकते हैं।
22 लाख से अधिक रजिस्ट्रेशन
चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड भीड़ बढ़ती जा रही है। अभी तक चारधाम के दर्शन के लिए 22 लाख से अधिक लोग रजिस्ट्रेशन कर चुके हैं। यात्रा शुरू होने से अभी तक 11 लाख 45 हजार के करीब श्रद्धालु दर्शन भी कर चुके हैं। पुलिस का कहना है कि कई ट्रैवल एजेंटों द्वारा भी फ्रॉड करने के मामले भी सामने आये हैं। जिसमें बुकिंग की तारीख बदली जा रही है। यात्रियों से पर्यटन विभाग की वेबसाइट registrationandtouristcare.uk.gov.in पर ही रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य किया गया। इसके अलावा किसी भी पोर्टल या वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन नहीं कराए जा रहे हैं। चारधाम यात्रा दर्शन के लिए तीन जून तक की बुकिंग फुल हो चुकी है। किसी भी धाम में तीन जून से पहले के लिए अब पंजीकरण नहीं कराया जा सकेगा। पर्यटन विभाग के पोर्टल पर आगे की बुकिंग के लिए स्लॉट चैक कर सकते हैं। पुलिस की ओर से लगातार अपील की जा रही है कि चारधाम यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है। इसके बिना तीर्थ यात्रियों को यात्रा पर नहीं जाने दिया जाएगा। पुलिस की ओर से लगातार अभियान चलाकर ऐसे वाहनों को रोका जा रहा है। जो कि ऋषिकेश से शुरू किया जा रहा है। इसके आगे सभी यात्रा मार्गों पर यात्रियों की प्रोपर चेकिंग की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications