टोक्यो 2020: वंदना कटारिया बनाई गईं ब्रांड एंबेसडर, उत्तराखंड सरकार करेगी जोरदार स्वागत
देहरादून, 8 अगस्त: टोक्यो में चल रहे ओलंपिक गेम्स का रविवार को समापन हो गया। इस बार भारत के लिए ये ओलंपिक गेम्स काफी खास रहे, जहां एक गोल्ड के साथ कुल 7 मेडल झोली में आए। वहीं पुरुष और महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। हालांकि कांस्य पदक के लिए हुए मुकाबले में महिला हॉकी टीम हार गई। इसके बावजूद उन्होंने अपने खेल से सभी का दिल जीत लिया। जिस वजह से अब उनके ऊपर इनाम की बौछार हो रही है।

भारतीय महिला हॉकी टीम की स्टार प्लेयर वंदना कटारिया उत्तराखंड की रहने वाली हैं। जिस वजह से राज्य सरकार ने उन्हें उत्तराखंड में 'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान' का ब्रांड एंबेसडर बनाया है। इसके अलावा वो महिला अधिकारिता और बाल विकास विभाग की भी ब्रांड एंबेसडर रहेंगी। जिसके लिए सीएम पुष्कर सिंह धामी ने घोषणा कर दी है।
वहीं दूसरी ओर रविवार को रविवार को खेल मंत्री डॉ. अरविंद पांडे वंदना के घर पहुंचे और उनके परिजनों से मुलाकात की। पांडे ने कहा कि वंदना पर पूरे देश को नाज है। उन्होंने अपने साथियों के साथ प्रतिभा दिखाते हुए पूरे विश्व में भारत का डंका बजा दिया। जब वो लौटकर आएंगी, तो उनका जोरदार स्वागत किया जाएगा। इसके अलावा उनको सम्मानित करने की भी योजना उत्तराखंड सरकार ने बनाई है। मंत्री ने आश्वसन दिया कि उनके घर तक जाने वाले संपर्क मार्ग की भी मरम्मत जल्द करवा दी जाएगी।
पड़ोसियों से हुआ था विवाद
कुछ दिनों पहले पड़ोसियों के साथ वंदना के घर वालों का विवाद हुआ था। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों ने भारतीय हॉकी टीम की हार के बाद जश्न मनाया। इसके साथ ही पटाखे भी जलाए। जब वंदना के भाई ने इसका विरोध किया, तो उन्होंने जातिसूचक शब्द का उपयोग किया।












Click it and Unblock the Notifications