शिवमय हुआ उत्तराखंड में चुनावी साल, पीएम मोदी के दौरे के दौरान भाजपाई और कांग्रेसी पहुंचे शिवालय
शिवमय हुआ उत्तराखंड में चुनावी साल, पीएम मोदी के दौरे के दौरान भाजपाई और कांग्रेसी पहुंचे शिवालय
देहरादून, 5 नवंबर। उत्तराखंड में 2022 में विधानसभा चुनाव है। उत्तराखंड देवभूमि के नाम से जानी जाती है। ऐसे में राजनीतिक दल चुनावी साल में देवभूमि में सॉफ्ट हिंदुत्व को लेकर समीकरण साधने में जुट गए हैं। भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी इस बार चुनाव में हिंदुत्व के मुद्दे पर जनता को अपने-अपने तरीके से रिझाने में जुटी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केदारनाथ दौरे को सफल बनाने के लिए भाजपा ने पूरा जोर लगाया। पीएम मोदी के केदारनाथ में पूजा अर्चना और आदि गुरू शंकराचार्य की मूर्ति के अनावरण कार्यक्रम को भाजपा ने जगह-जगह सीधा प्रसारण किया। इसके साथ ही केदारनाथ दौरे को भाजपा ने 12 ज्योतिर्लिंग से जोड़ा। इतना ही नहीं भाजपा के नेताओं ने शिवालयों में जाकर जलाभिषेक भी किया। इसी को आधार बनाकर कांग्रेस ने भी सभी जिलों में शिवालयों में जाकर जलाभिषेक, पूजा अर्चना और भजन कीर्तन का आयोजन किया है। जो कि इस चुनावी रंग में हिंदुत्व रंग नजर आने लगा है।
Recommended Video

भाजपाइयों ने भी की शिवालयों में पूजा
शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा केदारनाथ की पूजा अर्चना की। इसके साथ ही आदि गुरू शंकराचार्य की मूर्ति का अनावरण और केदारपुरी में पुर्ननिर्माण के कार्यों की सौगात भी दी। पीएम मोदी के इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए उत्तराखंड भाजपा ने हर जिले में अपने कार्यकर्ताओं और नेताओं की भी जिम्मेदारी तय की थी। साथ ही शिवमंदिरों में पूजा अर्चना का कार्यक्रम भी तय किया था। देहरादून में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने टपकेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक और पूजा की। इसी तरह से भाजपा के विधायकों और मंत्रियों ने पीएम के दौरे के दौरान ही शिव भक्ति और अपनी आस्था का प्रदर्शन किया।

कांग्रेस भी हुई शिवमय
भाजपा की शिवभक्ति और सॉफ्ट हिंदुत्व की छवि को करारा जबाव देने के लिए कांग्रेस ने भी शिवालयों में जलाभिषेक और पूजा अर्चना की। पूर्व सीएम हरीश रावत ने तिलभांडेश्वर मंदिर हरिद्वार में पूजा अर्चना,जलाभिषेक किया। इसी तरह कांग्रेस के बड़े नेताओं ने शुक्रवार को शिव मंदिरों में पूजा अर्चना की। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने देहरादून स्थित मालदेवता में शिवालय में पूजा अर्चना की। इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में शिरकत कर शिव अर्चना की। पूर्व सीएम हरीश रावत ने पीएम मोदी के केदारनाथ दौरे से पहले ही कुछ दिन पहले केदारनाथ पहुंचकर बाबा के दर्शन किए। इसके बाद हरीश रावत ने कांग्रेसियों को पीएम मोदी के केदारनाथ दौरे के दौरान शिवालयों में जलाभिषेक और पूजा अर्चना करने का आह्रवान किया।

साॅफ्ट हिंदुत्व पर नजर
उत्तराखंड में कांग्रेस भाजपा से साॅफ्ट हिंदुत्व के मुद्दे पर इस बार चुनावी मैदान में उतर रही है। पहले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल को गणेश अवतार में लाने का ऐलान कर श्री गणेश के नारे का संबोधन उसके बाद लगातार केदारनाथ, देवस्थानम बोर्ड को लेकर जमकर विरोध और अब पीएम मोदी के दौरे के दौरान मंदिरों में पूजा अर्चना। कांग्रेस ने इस दौरान राज्य के हर जिले में 12-12 शिवालयों में जलाभिषेक और भजन-कीर्तन कर भाजपा को सीधी टक्कर देने की कोशिश की है। भाजपा की छवि सॉफ्ट हिंदुत्व की रहती है। जिसे इस बार चुनाव में कांग्रेस हथियाने की कोशिश कर रही है। जिससे वोटबैंक पर भी असर पड़े।












Click it and Unblock the Notifications