DIWALI: यहां एक माह तक मनेगी दिवाली,ईगास के बाद मंगसीर की बग्वाल,जानिए क्या है परंपरा, कैसे खास हैं ये त्योहार
DIWALI 2024: दिवाली का लोगों को सालभर इंतजार रहता है। दीये, रोशनी, पटाखे,सजावट और मिठाई के साथ ही एक दूसरे से मिलने का त्योहार है दीपावली। इस बार दिवाली 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को मनाई जाएगी। जिसको लेकर लोग तैयारियों में जुटे हैं।
पूरे देश की तरह उत्तराखंड में भी दिवाली 31 अक्टूबर और एक नवंबर को मनाई जाएगी। लेकिन उत्तराखंड में दिवाली एक माह तक मनाई जाएगी। पहले दिवाली के 11 दिन बग्वाल या लोकपर्व ईगास, बग्वाल या बूढ़ी दीपावली' के रुप में मनाई जाएगी।

29 नवंबर से एक दिसंबर मंगसीर बग्वाल
उसके बाद 29 नवंबर से एक दिसंबर तक सीमांत जिले उत्तरकाशी में मंगसीर बग्वाल के रुप में मनाई जाएगी। इस तरह से उत्तराखंड में दिवाली एक माह तक मनाई जाती है। गढ़वाल में कई सदियों से दीपावली को बग्वाल के रूप में मनाया जाता है। दीपावली के ठीक 11 दिन बाद गढ़वाल में एक और दीपावली मनायी जाती है, जिसे 'ईगास' कहा जाता है। वहीं कुमाऊं के क्षेत्र में इसे 'बूढ़ी दीपावली' कहा जाता है।
क्या है परंपरा
दीपावली से 11 दिन बाद आने वाली एकादशी को ये पर्व मनाया जाता है। इगास पर्व मनाने के पीछे कई पौराणिक कथाएं प्रचलित हैं। सबसे प्रचलित मान्यता के अनुसार गढ़वाल के वीर भड़ माधो सिंह भंडारी टिहरी के राजा महीपति शाह की सेना के सेनापति थे। करीब 400 साल पहले राजा ने माधो सिंह को सेना लेकर तिब्बत से युद्ध करने के लिए भेजा।
ये है वजह
इसी बीच बग्वाल दीपावली का त्यौहार भी था, लेकिन इस त्यौहार तक कोई भी सैनिक वापिस ना आ सका। सबने सोचा माधो सिंह और उनके सैनिक युद्ध में शहीद हो गए, इसलिए किसी ने भी दीपावली नहीं मनाई। दीपावली के ठीक 11वें दिन माधो सिंह भंडारी अपने सैनिकों के साथ तिब्बत से दवापाघाट युद्ध जीत वापिस लौट आए।
एकादशी होने के कारण इगास
कहा जाता है कि युद्ध जीतने और सैनिकों के घर पहुंचने की खुशी में उस समय दिवाली मनाई थी। उस दिन एकादशी होने के कारण इस पर्व को इगास नाम दिया गया और उसी दिन से गढ़वाल क्षेत्र में दीपावली के 11 दिन बाद इगास पर्व मनाया जाता है।
मंगसीर की बग्वाल कार्तिक दीपावली से एक माह बाद
उत्तरकाशी में तिब्बत विजय का उत्सव मंगसीर की बग्वाल कार्तिक दीपावली से एक माह बाद मनाया जाता है। दिवाली पर्व के ठीक एक माह बाद उत्तरकाशी जिले में मंगसीर बग्वाल मनाई जाती है। जो इस साल 29 नवंबर से 1 दिसंबर तक मनाई जाएगी। इस खास बग्वाल में गढ भोज, गढ संग्रहालय के साथ ही रंगारंग कार्यक्रम और विशेष आयोजन किए जाते हैं।
पौराणिक कहानी
स्थानीय लोग बताते हैं कि वर्ष 1632 में गढ़वाल नरेश राजा महिपत शाह के शासनकाल में तिब्बत के दावा घाट में गढ़वाल और तिब्बत की सेना के बीच युद्ध हुआ था। गढ़वाल की ओर से सेनापति लोदी रिखोला और माधो सिंह भंडारी के नेतृत्व में गढ़वाल की सेना युद्ध लड़ने गई थी। युद्ध लंबा चलने पर सेना दीपावली तक घर नहीं लौट पाई थी। तब सेनापति माधो सिंह भंडारी ने संदेश भिजवाया था कि तिब्बत पर विजय हासिल कर लौटने के बाद ही बग्वाल मनाई जाएगी। गढ़वाल की सेना दीपावली के ठीक एक माह बाद तिब्बत पर विजय हासिल कर लौटी थी। तभी से मंगसीर की बग्वाल मनाने की परंपरा चली आ रही है।












Click it and Unblock the Notifications