गर्लफ्रेंड के लिए मुन्ना भाई कैसे बना है एक MBBS का छात्र, NEET की परीक्षा में पकड़ा तो सामने आई कहानी
नीट की परीक्षा के दौरान देहरादून पुलिस ने एक फर्जी एमबीबीएस को गिरफ्तार किया है। जो कि खुद एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है।
लेकिन गर्लफ्रेंड के खर्चे पूरे करने के लिए किसी दूसरे छात्र के बदले परीक्षा में बैठकर दो लाख रुपए कमाना चाहता था। लेकिन इससे पहले पुलिस के हाथों पड़ गया। पकड़ा गया अभियुक्त राजस्थान का है।

देहरादून पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीते पांच मई को श्री गुरू राम राय पब्लिक स्कूल राजारोड देहरादून पर एमबीबीएस(नीट) की परीक्षा आयोजित की गई थी। जिसमें परीक्षा के दौरान परीक्षा नियंत्रक द्वारा परीक्षार्थियों की बायोमैट्रिक उपस्थिती ली गई।
इस बीच एक परीक्षार्थी के बायोमैट्रिक से मिलान न होने पर जांच के दौरान व्यक्ति का किसी अन्य परीक्षार्थी के स्थान पर परीक्षा में सम्मिलित होना ज्ञात होने पर पकड़ में आया। जिसकी सूचना अरूण सक्सेना परीक्षा नियंत्रक एसजीआरआर स्कूल राजारोड द्वारा कोतवाली नगर पर दी गई।
इसको लेकर मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस पूछताछ में अभियुक्त देव प्रकाश निवासी चितलनाना, जिला संचोर, राजस्थान द्वारा बताया गया कि वह वर्तमान में राजकीय मेडिकल कॉलेज पाली में एमबीबीएस द्वितीय वर्ष का छात्र है और वर्ष 2022 में उसके द्वारा नीट की परीक्षा पास की गई थी।
सितम्बर 2022 में उत्तराखण्ड में ऋषिकेश, हरिद्वार तथा केदारनाथ घूमने के दौरान उसकी मुलाकात रूद्रपुर निवासी मयंक गौतम से हुई, जिससे बातचीत के दौरान उसके द्वारा बताया गया कि वह नीट की परीक्षा पास करना चाहता था, पर पढाई में कमजोर होने के कारण वह उसमें असफल रहा।
इसके बाद अभियुक्त सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार मयंक गौतम के सम्पर्क में रहा, मयंक गौतम द्वारा अभियुक्त को उसके स्थान पर नीट की परीक्षा पास करने तथा उसके एवज में दो लाख् रुपए देने का प्रलोभन दिया गया।
अभियुक्त ने बताया कि उसकी एक युवती से दोस्ती थी और पढाई के खर्चो के साथ-साथ उसके खर्चे वहन करने में उसे काफी कठिनाई हो रही थी, इसलिये अभियुक्त द्वारा प्रलोभन में आकर उक्त ऑफर को स्वीकार कर लिया। योजना के अनुसार अभियुक्त द्वारा अपनी पासपोर्ट साइज फोटो को फेसबुक के माध्यम से मयंक गौतम को भेजा।
जिसे मयंक गौतम द्वारा अपने परीक्षा फार्म में लगाया गया और अभियुक्त को नीट की परीक्षा का परीक्षा केन्द्र गुरू राम राय पब्लिक स्कूल राजा रोड में होने की जानकारी दी। पांच मई को अभियुक्त उसे भेजे गये प्रवेश पत्र को लेकर परीक्षा केन्द्र में परीक्षा देने पहुंचा पर बायोमैट्रिक मशीन से अभियुक्त के फिंगर प्रिंट का मयंक गौतम के आधार कार्ड से मिलान न होने पर पकड में आ गया।












Click it and Unblock the Notifications