कांग्रेस ने किशोर उपाध्याय को पार्टी के सभी पदों से हटाया, चोरी छिपे मिल रहे थे BJP नेताओं से
देहरादून, जनवरी 12। चुनावी राज्य उत्तराखंड में कांग्रेस पार्टी ने अपने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और दिग्गज नेता किशोर उपाध्याय को पार्टी के सभी पदों से बर्खास्त कर दिया है। आपको बता दें कि किशोर उपाध्याय पिछले कई दिनों से बीजेपी नेताओं के संपर्क में हैं। इसके लिए उन्हें पार्टी की तरफ से लगातार कई वॉर्निंग भी दी गई थी। बावजूद इसके वो अभी भी बीजेपी नेताओं से मिल रहे थे।

भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मिले थे किशोर उपाध्याय
जानकारी के मुताबिक, पिछले हफ्ते किशोर उपाध्याय ने राजधानी देहरादून में बीजेपी के कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की थी, जिसके बाद से मीडिया में लगातार ये खबरें आने लगी कि वो बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, किशोर उपाध्याय ने भाजपा के चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी और भाजपा के संगठन महासचिव अजय कुमार से मुलाकात की थी।
किशोर उपाध्याय ने अटकलों को किया खारिज
हालांकि किशोर उपाध्याय ने बीजेपी में जाने की खबरों को सिर्फ अफवाह करार दिया था और इन्हें खारिज कर दिया था। उन्होंने कहा था कि वो अपने वनाधिकार आंदोलन को लेकर अलग-अलग नेताओं से मुलाकात कर रहे थे, क्योंकि वह चाहते थे कि उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव पहाड़ी राज्य की चिंताओं पर लड़ा जाए। किशोर उपाध्याय ने कहा था कि ऐसी अफवाहों पर ध्यान नहीं दिया जाए कि मैं बीजेपी में जा रहा हूं। भले ही किशोर उपाध्याय ने इन खबरों को खारिज कर दिया हो, लेकिन चुनावी मौसम में भाजपा नेताओं के साथ उनकी मुलाकात राज्य के सियासी पारे को बढ़ा चुकी है।
हरीश रावत ने भी दिखाए थे बागी तेवर
आपको बता दें कि उत्तराखंड में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत अपने बागी तेवर दिखाकर पहले ही कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ा चुके हैं। पिछले महीने हरीश रावत ने ट्विटर पर लगातार कई सारे ट्वीट किए थे, जिसमें उन्होंने बागी तेवर दिखाए थे। हालांकि बाद में उन्होंने अपने ट्वीट पर सफाई दी थी और कहा था कि वो कांग्रेस में ही हैं और रहेंगे। हालांकि हरीश रावत के ट्वीट को लेकर ये भी कहा गया था कि वो राजनीति से संन्यास ले सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications