उत्तराखंड: MLA राजकुमार ने दिया विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा, हाल ही में ज्वाइन की थी BJP
देहरादून, 12 सितंबर: इस महीने की शुरुआत में उत्तराखंड कांग्रेस को बड़ा झटका लगा था, जहां पुरोला विधायक राजकुमार ने पंजे का साथ छोड़ बीजेपी का दामन थाम लिया। इसके बाद सोमवार को वो उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद्र अग्रवाल से मिलने पहुंचे। साथ ही विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। अगर वो इस्तीफा ना देते, तो कांग्रेस दलबदल कानून के तहत उनकी सदस्यता खत्म करने की मांग कर सकती थी, लेकिन चुनाव में अब 6 महीने से कम का वक्त बचा है, ऐसे में राजकुमार ने सदस्यता छोड़ना ही उचित समझा।

वैसे राजकुमार के कांग्रेस से इस्तीफे के बाद राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया था। उनके पिता पतिदास ने उत्तराखंड के उत्तरकाशी से 1985 में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन वो हार गए थे। राजकुमार छात्र राजनीति में सक्रिय नहीं थे। वर्ष 2007 में वो सहसपुर सीट से बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़े थे। उस वक्त यह सीट आरक्षित थी, लेकिन सीट सामान्य होने के बाद 2012 में वो पुरोला सीट से निर्दलीय उम्मीदवार थे। हालांकि इस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। तब बीजेपी उम्मीदवार मालचंद ने उन्हें मात दी थी। बाद में 2017 में उनकी किस्मत बदली और वो कांग्रेस के टिकट पर पुरोला से जीतकर विधानसभा पहुंचे।
कई बड़े नेता करेंगे दौरा
वहीं दूसरी ओर बीजेपी ने चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। उत्तराखंड में इतिहास रचने और दोबारा सत्ता में आने के लिए पार्टी हर दांव, पेंच चल रही। इसी कड़ी में बीजेपी अपने शीर्ष नेतृत्व को भी उत्तराखंड लाकर चुनावी माहौल को अपने पक्ष में करने की कोशिश में जुट गई है। पहले उत्तराखंड के नेताओं ने दिल्ली जाकर शीर्ष नेतृत्व से उत्तराखंड आने का न्योता दिया। जिसे शीर्ष नेतृत्व ने स्वीकार कर लिया। उम्मीद जताई जा रही है कि चुनाव से पहले पीएम मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह जैसे दिग्गज नेता राज्य का दौरा करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications