राहुल गांधी बोले-मोदी कहते हैं राहुल सुनता नहीं है, इसका मतलब है वह मुझे ED से डरा नहीं पाए
हरिद्वार, 10 फरवरी: उत्तराखंड के हरिद्वार में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक चुनावी सभा को संबोधित किया। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधे-सीधे हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा कि मोदी कहते हैं राहुल सुनता नहीं है। कांग्रेस नेता ने कहा कि मैं उनकी बात क्यों सुनूं। अपने संबोधन में राहुल गांधी ने कहा कि, जीएसटी लागू करके केंद्र ने किसान-मजदूर और मिडिल क्लास को बर्बाद कर दिया।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि, नरेंद्र मोदी को लगता है कि उनसे सबको डर लगता है। उनको लगता है कि ईडी, सीबीआई से वह किसी को भी दबा देंगे। मुझे उनसे डर नहीं लगता। मुझे उल्टा उनके अहंकार को देखकर हंसी आती है। वह देश से कहते हैं कि पिछले 70 सालों में कुछ नहीं हुआ। यह सड़कें, फैक्ट्री, ट्रेन सब जादू से बनी है। अगर हमारी सरकार आती है तो हम राज्य में 4 लाख नौकरियां देंगे।
राहुल गांधी ने कहा कि, हम 5 लाख गरीब परिवारों को हर साल 40,000 रुपये उनके बैंक खाते में डलवाएंगे। हम एंबुलेंस, मोटरसाइकिल और ड्रोन के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को आपके घर तक पहुंचाएंगे। राहुल गांधी ने कहा कि, जीएसटी लागू करके केंद्र ने किसान-मजदूर और मिडिल क्लास को बर्बाद कर दिया। इसके बाद भी कालाधन खत्म नहीं हुआ। जीएसटी के बाद कालाधन सफेद हो गया और बीजेपी को मिल गया।
राहुल ने कहा कि, उत्तराखंड समेत हर जगह बेरोजगारी हो गई है। छोटे रोजगार वालों को खत्म कर दिया। छोटे रोजगार वालों को प्रधानमंत्री ने खत्म कर दिया है। आज उत्तराखंड का युवा बेरोजगार कहीं चला जाए उसे रोजगार नहीं मिलता। राहुल गांधी ने कोरोना के समय थाली बजाने के पीएम मोदी के आह्वान की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि जब मरीजों को इलाज की जरूरत थी, तब प्रधानमंत्री थाली बजाने को कह रहे थे।
राहुल ने कहा कि, बीजेपी में चोरों की लाइन लगी हुई है। पहले उन्होंने एक को बदला उसको चोरी करने दी फिर दूसरे को बुलाया उसे बोला तुम चोरी करो और अब तीसरे को चोरी करने में लगाया है। राहुल बोले कि, उत्तराखंड में जनता को उनकी सरकार चाहिए, किसी राजा की सरकार नहीं। दिल्ली में एक राजा बैठा हुआ है और हमें ऐसी सरकार नहीं चाहिए। पहाड़ की गरीब जनता, किसानों, छोटे व्यापारियों और युवाओं की रोजगार दिलवाने वाली सरकार चाहिए।
किसानों के मुद्दे पर प्रहार करते हुए राहुल ने कहा कि, केंद्र की मोदी सरकार तीन काले कृषि कानून लेकर आई। इन कानूनों के माध्यम से वो किसानों से चोरी करना चाहते थे लेकिन उनको किसानों और कांग्रेस ने उनके मंसूबों में कामयाब नहीं होने दिया। उनको हिंदुस्तान के किसानों ने रोका। राहुल ने कहा कि, केवल कांग्रेस पार्टी ही मोदी जी को टक्कर दे सकती है।












Click it and Unblock the Notifications