सीएम पुष्कर सिंह धामी का मेडिकल कॉलेजों पर फोकस, घोषणा पत्र और मोदी विजन को अमलीजामा पहनाने की कोशिश
मेडिकल कॉलेजों पर धामी ने किया फोकस
देहरादून, 22 फरवरी। चुनाव निपटने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जरुरी शासकीय कार्यों को निपटाने में जुटे हैं। मतदान की समीक्षा के साथ ही धामी प्रदेश के विकास कार्यों को लेकर भी एक्टिव मोड में नजर आ रहे हैं। इस बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का निरीक्षण किया है। इससे पहले मुख्यमंत्री रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज का भी निरीक्षण कर चुके हैं। इस तरह से धामी का पूरा फोकस मेडिकल कॉलेजों के निर्माण और उनकी सुविधाओं पर टिका है।

हर जिले में मेडिकल कॉलेज का वादा
प्रदेश में भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने का वादा किया है। इस तरह से भाजपा अपने घोषणा पत्र में किए गए वादों को सरकार आते ही पूरा करने का दावा कर रही है। जिससे जनता के बीच किए गए वायदों को समय रहते पूरा किया जाए। प्रदेश की स्वास्थ्य सुविधाओं के हालात किसी से छिपे नहीं हैं। खासकर पहाड़ों में अस्पताल रेफर सेंटर ही बनकर रह जाते हैं। ऐसे में सरकार को हर जिले में मेडिकल कॉलेज का वादा प्रदेश की स्वास्थ्य सिस्टम में मील का पत्थर साबित हो सकता है। इसी को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों को चुस्त दुरस्त करने में जुटे हैं। 10 मार्च तक फिलहाल किसी तरह की कोई घोषणा संभव नहीं है, लेकिन निर्माण कार्यों को तेजी लाने के लिए धामी लगातार एक्शन में नजर आ रहे हैं।
हरिद्वार मेडिकल कॉलेज का किया निरीक्षण
सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जगजीतपुर में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। मेडिकल कॉलेज तैयार कर रही निर्माण एजेंसी के अधिकारियों से कार्यों की प्रगति भी जानी। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। धामी ने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का भी पूरा ध्यान रखा जाए। मीडियो से बातचीत में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अगस्त 2023 तक मेडिकल कॉलेज के प्रशासनिक भवन का निर्माण कार्य पूरा कराने का लक्ष्य है। 2024 तक यह पूरी तरह से अस्तित्व में आ जाएगा।
धामी ने कहा कि मेडिकल कॉलेज एमबीबीएस की पढ़ाई करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए मील का पत्थर साबित होगा। साथ ही यह हरिद्वार के विकास में भी अहम योगदान देगा। इससे पहले बीते दिनों मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज का भी निरीक्षण किया था। तब सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजना प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने की है। उत्तराखंड में प्रधानमंत्री के इस विजन पर तेजी से कार्य हो रहा है। अल्मोड़ा में मेडिकल कॉलेज को एमसीआई ने इस साल से 100 सीट पर दाखिले की अनुमति दी है। पिथौरागढ़ और हरिद्वार जिलों में मेडिकल कॉलेज के निर्माण की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य में देरी पर नाराजगी भी जताई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले में मेडिकल कॉलेज शुरू होने से क्षेत्र की आम जनता को आसानी से स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों व अन्य स्टाफ के लिए स्वीकृत पदों पर जल्द ही नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू होगी। जिले के सभी अस्पतालों में डॉक्टरों व अन्य स्टाफ की नियुक्ति की जाएगी। इस तरह से मुख्यमंत्री अपनी सरकार के मेडिकल कॉलेज को लेकर बनाए गए विजन को अमलीजामा पहनाने की कोशिश में जुटे हैं।












Click it and Unblock the Notifications