युवा चेहरे पर दांव, लेकिन थीम सांग से क्यों बाहर हैं भाजपा के सीएम पुष्कर सिंह धामी, जानिए
युवा चेहरे पर दांव, लेकिन थीम सांग से क्यों बाहर हैं भाजपा के सीएम पुष्कर सिंह धामी
देहरादून, 3 फरवरी। उत्तराखंड में भाजपा की थीम सांग में प्रदेश के किसी नेता को जगह न मिल पाने से सवाल खड़े हो रहे हैं। भाजपा प्रदेश में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में युवा सरकार बनाने की जनता से अपील कर रही है। लेकिन थीम सांग में ही पुष्कर सिंह धामी को जगह न मिल पाने से विपक्ष को भाजपा पर हमला करने का मौका मिल गया है। जो कि चुनाव के बाद भाजपा की रणनीति पर भी सवाल खड़े कर रहा है। भाजपा के थीम सांग पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता को ही भुनाने की कोशिश की जाएगी।

Recommended Video
मोदी की कविता को गीत के रुप में किया प्रस्तुत
भाजपा ने उत्तराखंड में चुनाव के लिए थीम सांग लांच किया है। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड से लगाव को प्रदर्शित किया गया है। भाजपा ने अपने थीम सांग के जरिए मोदी की लोकप्रियता को भुनाने की कोशिश की है। भाजपा ने मोदी की उसी कविता को थीम सांग में जगह दिया है जो मोदी ने देहरादून में 4 दिसंबर को भाजपा की विजय संकल्प रैली में सुनाई थी। इस कविता में कहा गया कि 'जहां पवन बहे संकल्प लिए, जहां पर्वत गर्व सिखाते हैं, जहां ऊंचे-नीचे रास्ते बस भक्ति सुर में गाते हैं, उस देवभूमि के ध्यान से ही, मैं सदा धन्य हो जाता हूं, है भाग्य मेरा, सौभाग्य मेरा, मैं तुमको शीश नवाता हूं'...। अब पार्टी ने इसी कविता को गीत के रूप में प्रस्तुत किया है। इस सांग के वीडियो में पीएम मोदी के केदारनाथ यात्रा और केदारनाथ में दर्शन से लेकर पुर्ननिर्माण को प्रमुखता से दिखाया गया है। इस कविता को गायक जुबिन नौटियाल ने आवाज दी है। बता दें कि जुबिन के पिता रामशरण नौटियाल चकराता सीट से चुनाव मैदान में हैं। पूरे वीडियो में पीएम मोदी को ही दिखाया गया है। ऐसे में सवाल ये उठता है कि भाजपा ने जब उत्तराखंड में युवा नेतृत्व और युवा सरकार के लिए जनता से वोट करने की अपील की है। ऐसे में थीम सांग में प्रदेश के किसी भी चेहरे को शामिल न करने से भाजपा को विपक्ष के सवालों के जबाव देना मुश्किल पड़ सकता है। पुष्कर सिंह धामी प्रदेश में मुख्यमंत्री बनने के बाद 70 सीटों पर जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रयास कर रहे हैं। लेकिन धामी के चेहरे को थीम सांग में जगह न मिलना कई सवालों को खड़ा कर रहे हैं। बता दें कि उत्तरप्रदेश में भाजपा ने थीम सांग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर ही फोकस कर बनाया है।
कांग्रेस की थीम सांग में सोनिया, राहुल, मनमोहन
कांग्रेस ने अब तक दो थीम सांग बनाए है। जिसमें तीन तिगाड़ा काम बिगाड़ा और चार धाम चार काम बनाए हैं। कांग्रेस ने उत्तराखंड में किसी चेहरे को मुख्यमंत्री के लिए दावेदार भी घोषित नहीं किया। ऐसे में कांग्रेस के थीम सांग पर भी भले ही सवाल खड़े न हो, लेकिन कांग्रेस के थीम सांग में भी केन्द्रीय नेताओं को ही जगह दी गई है। जिसमें सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मनमोहन सिंह के चेहरे शामिल किए गए हैं। ऐसे में साफ है कि भाजपा हो या कांग्रेस दोनों दल उत्तराखंड में केन्द्रीय नेताओं के भरोसे है।












Click it and Unblock the Notifications