कांग्रेस के सभी विधायक भाजपा ज्वाइन करना चाहते लेकिन...भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम ने कह दी बड़ी बात
लोकसभा चुनाव 2024 के बीच भाजपा के उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम ने बड़ा बयान देकर सियासी हलचल पैदा कर दी है। दुष्यंत गौतम ने पिथौरागढ़ में दावा किया है कि कांग्रेस के सभी विधायक भाजपा में आना चाहते हैं। लेकिन उपचुनाव की वजह से फिलहाल ये संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि सभी मन से मोदी के साथ हैं। भविष्य में इसके लिए भी प्रयास किए जाएंगे।

पिथौरागढ़ में आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का रोड शो और जनसभा है। इसके लिए भाजपा तैयारियों में जुटी है। इस बीच भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पिथौरागढ़ पहुंचे। मीडिया से बातचीत में दुष्यंत गौतम ने कहा कि भाजपा पांचों सीटें 5 लाख के अंतर से जीत रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस विहीन देश को करने की जो बात हमने की थी। उसका जनआंदोलन चल रहा है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के सभी विधायक भाजपा ज्वाइन करना चाहते हैं। लेकिन उपचुनाव की वजह से इस समय ये संभव नहीं है। बता दें कि बीते दिनों चमोली से कांग्रेस विधायक राजेंद्र भंडारी ने भाजपा ज्वाइन की। जिसके बाद से ये दावा किए गए कि कांग्रेस के अन्य विधायक भी भाजपा के संपर्क में है।
वर्तमान में कांग्रेस के 18 विधायक विधानसभा में रह गए हैं। भाजपा ने अपने ज्वाइनिंग कार्यक्रम में अब तक कई पूर्व विधायकों, चुनाव लड़ चुके सांसद, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई है। जिनमें गढ़वाल से कांग्रेस प्रत्याशी मनीष खंडूरी, पूर्व विधायकों में माल चंद, विजयपाल सजवाण समेत हजारों की संख्या में दूसरे बड़े पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हैं।
ऐसे में चुनाव के दौरान अभी और बड़े नाम पाइपलाइन में बताए जा रहे हैं। प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम के इस बयान के बाद एक बार फिर सियासत गरमा गई है। जिसका असर आने वाले दिनों में चुनाव पर भी पड़ना तय है।












Click it and Unblock the Notifications