दिपेंन्द्र हुड्डा के साथ छत्तीसगढ़ के सीएम बघेल भी संभालेंगे उत्तराखंड में मोर्चा, जानिए कांग्रेस की रणनीति
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी उत्तराखंड आएंगे
देहरादून, 9 मार्च। उत्तराखंड में चुनाव परिणाम से पहले बन रहे समीकरणों को लेकर कांग्रेस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। जिस तरह की परिस्थिति और रूझान मिलें हैं, उसके बाद से कांग्रेस हाईकमान ने प्रदेश में सरकार बनाने के लिए पूरा जोर लगा दिया है। दिपेंद्र हुड्डा को मुख्य ऑब्जर्वर बनाकर कांग्रेस हाईकमान ने पहले ही देहरादून भेज दिया है। अब छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी उत्तराखंड आ रहे हैं। इस तरह से कांग्रेस भाजपा को हर तरफ से घेरने में जुटी हुई है।

भाजपा को हर मोर्चे पर जबाव देने की तैयारी
उत्तराखंड में सरकार बनाने के लिए कांग्रेस किसी भी तरह का मौका नहीं छोड़ना चाहेगी। इसके लिए पार्टी हर तरह से मंथन और होमवर्क में जुटी है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के देहरादून पहुंचने के बाद से ही कांग्रेस हाईकमान अलर्ट हो गई है। इसके बाद से अपने प्रमुख रणनीतिकारों को देहरादून भेज रही है। जिससे कांग्रेस अपने प्लान बी पर भी फोकस कर सके। सभी प्रत्याशियों को एकजुट कर आवश्यकता पड़ने पर दूसरे राज्य में भी शिफ्ट किया जा सकता है। इसके लिए दिपेंद्र हुड्डा जो कि कांग्रेस के मुख्य ऑब्जर्वर बनकर देहरादून आकर रणनीति तैयार करने में जुटे हैं। अब छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल देहरादून आ रहे हैं। जो कि कांग्रेस को हर मोर्चे पर भाजपा का डटकर सामना करने के लिए आ रहे हैं। बघेल उत्तर प्रदेश से लेकर उत्तराखंड में पूरे चुनाव में सक्रिय रहे हैं। साथ ही बघेल कांग्रेस के चुनावी थीम सांग और अन्य बड़े कार्यक्रमों में देहरादून आ चुके हैं। बघेल ने ही सबसे पहले सिलेंडर की कीमत 500 रुपए तक करने का ऐलान किया था। बघेल के देहरादून पहुंचने के पीछे की वजह कांग्रेसी प्रत्याशियों को छत्तीसगढ़ रेस्क्यू करने की रणनीति का भी अहम किरदार बताया जा रहा है। छत्तीसगढ़ सूत्रों का दावा है कि कांग्रेस सरकार ने छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में दो रिजॉर्ट बुक कर पूरी तैयारी कर ली है। जो कि बस्तर जिले में आता है। कांग्रेसी अपने सभी विधायकों को यहां लाकर ठहराने की व्यवस्था कर चुके हैं। ऐसे में खुद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल इस पूरे मिशन को लीड करने देहरादून आ रहे हैं।
हरदा और हुड्डा के बीच अलग हुई बैठक
देहरादून में बुधवार को पूरे दिन भर कांग्रेस खेमे में हलचल देखने को मिली। पूर्व सीएम हरीश रावत सबसे ज्यादा एक्टिव नजर आए जो दिन भर मुलाकातों में व्यस्त रहे। मुख्य ऑब्जर्वर दिपेंद्र हुड्डा की भी पूर्व सीएम हरीश रावत के साथ अलग से बैठक भी सभी मुद्दों पर चर्चा हुई है। इसके साथ ही हरीश रावत और प्रदेश प्रभारी देवेन्द्र यादव के बीच मुलाकात और एक दूसरे के साथ चर्चा करते हुए फोटो भी सोशल मीडिया में जमकर वायरल हुए हैं। बीते दिनों देवेन्द्र यादव और हरीश रावत में जिस तरह का मतभेद नजर आया था, वो इस बार कुछ अलग ही नजर आ रहा है। ऐसे में दावा किया जा रहा है कि हाईकमान ने हरीश रावत को सरकार बनाने तक फ्री हैंड कर दिया है। जिस वजह से पूरी कांग्रेस और बड़े नेता इस समय हरीश रावत के पीछे ही नजर आ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications