प्रियंका गांधी की मेहनत पर क्या मिट्टी फेरेगा सलमान खुर्शीद का बयान, जानिए मिशन 2022 पर कितना पड़ेगा असर
लखनऊ, 12 नवंबर: उत्तर प्रदेश में अगले साल की शुरूआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव से पहले कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी मंदिर से लेकर दरगाहों तक के चक्कर लगा रही हैं। वाराणसी में न्याय रैली के दौरान उन्होंने माथे पर चंदन और तिलक लगाकर बीजेपी के हिन्दुत्व को टक्कर देने का प्रयास कर रहीं थी लेकिन अब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद की किताब ने कांग्रेस के साथ ही प्रियंका के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। कांग्रेस के सूत्रों की माने तो इस मामले को लेकर प्रियंका अंदरखाने बहुत नाराज हैं और जल्द ही वह सलमान खुर्शीद से मिल सकती हैं। कांग्रेस भी यह मानकर चल रही है कि सलमान की खुर्शीद का बयान आने वाले दिनों में कांग्रेस के लिए मुसीबत का सबब बन सकता है क्योंकि बीजेपी इसे भुनाने की पूरी कोशिश करेगी।

कांग्रेस की छवि बदलने की कोशिश में जुटी हैं प्रियंका
ममता बनर्जी की तर्ज पर छवि बदलने की कोशिश में प्रियंका भाजपा से मुकाबले के लिए कांग्रेस में छवि बदलने की छटपटाहट दिखाई दे रही है। जिस तरह पश्चिम बंगाल में सम्पन्न हुए चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने देवी मंदिरों में जाकर चंडी पाठ कर बीजेपी को उसी की भाषा में जवाब देकर अपनी जीत सुनिश्चित की, ठीक उसी तरह प्रियंका भी अब चुनाव से पहले सधे हुए कदमों के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके लिए वह अब जहां भी जाती हैं मंदिरों में दर्शन पूजन करती हैं। काशी में रैली से पहले उन्होंने बाबा विश्वनाथ का दर्शन पूजन कर हिन्दुओं के बीच एक मैसेज देने का प्रयास किया था जिसकी काफी सराहना हुई थी।

सलमान ने हिन्दुत्व की तुलना आईएसआईस और बोको हरम से की है
पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने अपनी नई किताब 'सनराइज ओवर अयोध्या' से विवाद खड़ा कर दिया है, जिसमें उन्होंने "हिंदुत्व आंदोलन की तुलना ISIS और बोको हराम जैसे आतंकी संगठनों से की है। किताब में लिखे अंशों से पता चलता है कि कांग्रेस नेता ने हिंदुत्व के मुद्दे पर विभिन्न दृष्टिकोणों से टिप्पणी की है। अपनी पार्टी की बदलती विचारधारा से लेकर भाजपा के एजेंडे तक और कैसे राम मंदिर की मांग ने देश के सामाजिक-राजनीतिक परिदृश्य को बदल दिया, इन सबका जिक्र किया है।

सलमान खुर्शीद की किताब बढ़ाएगी कांग्रेस की परेशानी
राजनीतिक विश्लेषकों की माने तो सलमान खुर्शीद ने जाने-अनजाने आज बीजेपी की बहुत मदद की है। हिंदू वोट भाजपा के पक्ष में एकजुट होंगे और इससे हिंदुत्व अभियान को मजबूती मिलेगी। सलमान खुर्शीद ने सोचा होगा कि हिंदुत्व के बारे में ऐसा लिखकर वह मुसलमानों को खुश करने की कोशिश करेंगे और चुनाव में कांग्रेस को मुस्लिम वोट मिलेंगे। लेकिन सच्चाई यह है कि अब हमारे देश के मुसलमान समझ गए हैं कि इस तरह के विवाद से किस पार्टी को फायदा होता है. इसलिए हो सकता है कि कांग्रेस के पास हिंदू वोट भी न बचे हों या मुसलमानों के वोट भी न मिले हों।

कांग्रेस की सफाई से कितना फायदा होगा
कांग्रेस शायद इस नुकसान को समझ चुकी है और शायद इसीलिए कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने एक लिखित बयान जारी किया है। जिसमें उन्होंने कहा है कि भले ही हम हिंदुत्व के राजनीतिक विचार से सहमत न हों, इसकी तुलना आईएसआईएस और बोको हराम से करें। तथ्यों के आधार पर गलत ही नहीं बल्कि अतिशयोक्ति है, जिसमें कोई दम नहीं है। हालांकि कांग्रेस के अन्य नेता इस मामले पर अभी ज्यादा मुंह खोलने को तैयार नहीं है। कांग्रेस अब लाख सफाइ दे लेकिन जनता के बीच जो मैसेज जाना था वो तो चला गया।

बीजेपी का आरोप- सोनिया-राहुल के इशारे पर हो रहा है सबकुछ
भाजपा प्रवक्ता आनंद दुबे ने कहा कि अयोध्या पर खुर्शीद की किताब लोगों की धार्मिक भावनाओं को आहत करती है। इस किताब में हिंदू धर्म की तुलना आईएसआईएस और बोको हराम से की गई है। कांग्रेस हिंदुओं के खिलाफ मकड़ी की तरह जाल बुन रही है। यह आरोप लगाते हुए कि यह कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी के इशारे पर हो रहा है। खुर्शीद को कांग्रेस से हटाने की मांग करते हुए, भाजपा प्रवक्ता ने कहा, "पहले, 'हिंदू आतंकवाद' शब्द का आविष्कार तब किया गया था जब कांग्रेस सत्ता में थी।

वोट हासिल करने के लिए कांग्रेस ने गढ़ा था भगवा आतंकवाद
बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने एक ट्वीट में किताब के एक पैराग्राफ पर प्रकाश डाला और कहा, "कांग्रेस के सलमान खुर्शीद ने अपनी नई किताब में लिखा है कि हिंदुत्व आईएसआईएस और बोको हराम जैसे जिहादी इस्लामी समूहों के समान है। हम किसी से और क्या उम्मीद कर सकते हैं जिसकी पार्टी ने केवल इस्लामिक जिहाद की बराबरी करने, मुस्लिम वोट हासिल करने के लिए भगवा आतंकवाद शब्द गढ़ा?"

सलमान को अभी और रिसर्च की जरूरत
जानकारों का कहना है कि सलमान खुर्शीद ने हिंदुत्व की तुलना ISIS और बोको हराम से की। लेकिन शायद उन्होंने इसके बारे में ज्यादा रिसर्च नहीं की। ISIS एक आतंकवादी संगठन है जो अब तक दुनिया भर में 8,000 से अधिक लोगों को मार चुका है। 2014 से 2018 के बीच इस कट्टरपंथी इस्लामिक संगठन ने दुनिया के 29 देशों में करीब 150 आतंकी हमले किए, जिसमें 2,000 से ज्यादा लोग मारे गए। बोको हराम ने पिछले 6 साल में एक हजार से ज्यादा आतंकी हमले भी किए हैं, जिनमें 10,000 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। लेकिन क्या आपने कभी सुना है कि हिंदू समुदाय ने धर्म की खातिर आत्मघाती हमला किया?

खुद आतंकवाद और धर्म को अलग कर चुके हैं सलमान
सलमान खुर्शीद कांग्रेस के वही नेता हैं, जिन्होंने अपने जीवन में कई मौकों पर कहा है कि आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता। ऐसा ही बयान उन्होंने साल 2013 में भी दिया था। और फिर साल 2018 में भी उन्होंने कहा था कि इस्लाम को आतंकवाद से जोड़ना ठीक नहीं होगा। लेकिन आज वह हिंदुत्व को आतंकवादी संगठनों से जोड़कर खुद विवादों में आ गए हैं। इससे बीजेपी को एक ऐसा मुद्दा मिल गया है जो लंबे समय तक कांग्रेस को घेरने में मददगार साबित होगा।












Click it and Unblock the Notifications