Premanand Maharaj Padyatra: अब प्रेमानंद महाराज के नहीं होंगे दर्शन! वापस क्यों लौट रहे हजारों भक्त?
Premanand Maharaj Padyatra: देश की राजधानी दिल्ली में हुए बम धमाके के बाद देशभर के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था अत्यधिक सख्त कर दी गई है। इसी कड़ी में वृंदावन के पूज्य संत प्रेमानंद महाराज की प्रतिदिन निकलने वाली प्रसिद्ध प्रभातकालीन पदयात्रा को अचानक स्थगित कर दिया गया।
इस अप्रत्याशित निर्णय के कारण, दूर-दराज से महाराज जी के दर्शनों की कामना लेकर वृंदावन पहुंचे हजारों भक्तों को भारी निराशा के साथ लौटना पड़ा।

दर्शन की आस में रात भर जगा भक्त समाज
प्रेमानंद महाराज की एक झलक पाने और उनकी अमृतमयी वाणी सुनने के लिए देश के कोने-कोने से श्रद्धालु हर दिन वृंदावन में जमा होते हैं। इन भक्तों की आस्था इतनी गहरी है कि वे अक्सर पूरी रात सड़कों पर इंतज़ार करते हैं ताकि सुबह 4 बजे के आस-पास जब महाराज जी अपनी पदयात्रा शुरू करें, तो उनके दर्शन कर सकें।
इस बीच जब मंगलवार (11 नबंवर) को महाराज जी सुरक्षा कारणों से अपने श्रीहित राधा केली कुंज आश्रम से बाहर नहीं निकले, तो पदयात्रा मार्ग पर खड़े भक्तों को इस खबर से गहरा आघात पहुंचा। हज़ारों लोग बिना दर्शन किए ही लौट गए, जिससे भक्तिमय माहौल में गहरी मायूसी छा गई।
असुरक्षा के चलते प्रशासन का कड़ा फ़ैसला
दिल्ली की घटना के बाद मथुरा-वृंदावन क्षेत्र के सभी प्रमुख मंदिरों और आश्रमों पर सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल अलर्ट जारी किया। प्रेमानंद महाराज की पदयात्रा में हर दिन भारी भीड़ जुटती है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना एक बड़ी चुनौती बन जाता है। प्रशासन ने किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या संभावित खतरे से बचने के लिए इसे एहतियाती कदम (Precautionary Measure) मानते हुए पदयात्रा को रोकने का निर्देश दिया।
भक्तों को सुरक्षा हालात सामान्य होने का इंतजार
आश्रम प्रबंधन की ओर से पदयात्रा स्थगित किए जाने पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। भक्तों में यह उम्मीद बनी हुई है कि जैसे ही सुरक्षा हालात सामान्य होंगे, महाराज जी की दैनिक पदयात्रा पुनः आरंभ हो जाएगी। फिलहाल, वृंदावन की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए सभी मुख्य चौराहों और बड़े मंदिरों के आसपास पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है ताकि भक्तों और स्थानीय निवासियों में सुरक्षा की भावना बनी रहे।
दिल्ली के लाल किले के पास सोमवार शाम हुए बम धमाके में कम से कम 10 लोगों की मौत हुई और कई घायल हुए। इस घटना के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने तत्काल पुलिस बल को हाई अलर्ट पर रखने, गहन चेकिंग शुरू करने और पूरे राज्य में सुरक्षा इंतज़ामों को मज़बूत करने के आदेश दिए।
सीनियर अधिकारियों को फील्ड पर रहने का निर्देश
डीजीपी राजीव कृष्णा ने सभी ज़िला पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी फील्ड में मौजूद रहें। उन्हें स्वयं संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों, बाज़ारों, सार्वजनिक सभाओं और धार्मिक स्थलों का दौरा करना, निरीक्षण करना और गश्त लगानी होगी।
अति-संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा समीक्षा
सभी महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों, धार्मिक स्थलों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और अन्य संवेदनशील पॉइंट्स की सुरक्षा व्यवस्था की दुबारा समीक्षा की जाएगी। ख़तरे के आकलन के आधार पर सुरक्षा के स्तर को तुरंत बढ़ाया जाएगा। इसके अलावा, एटीएस (ATS), क्यूआरटी (त्वरित प्रतिक्रिया दल), बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड को हर समय तैयार रखा जाएगा, तथा पैदल गश्त (फुट पेट्रोलिंग) और क्षेत्र वर्चस्व (एरिया डोमिनेशन) को बढ़ाया जाएगा।
सार्वजनिक स्थानों पर गहन निगरानी
सार्वजनिक परिवहन केंद्रों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सख्त निगरानी रखी जाएगी। इनमें मेट्रो/बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, मॉल और सिनेमा हॉल शामिल हैं। इन स्थानों पर वाहन चेकिंग और व्यक्तियों की गहन जांच की जाएगी, लेकिन यह सुनिश्चित किया जाएगा कि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो। यूपी 112 पीआरवी (पुलिस रिस्पांस वाहन) को भी संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्त करने का निर्देश दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications