यूपी चुनाव के बाद बीजेपी को क्यों डरा रहे हैं अयोध्या के नतीजे, जानिए
लखनऊ, 15 मार्च: उत्तर प्रदेश में चुनाव समाप्त हो गया है लेकिन बीजेपी ने एक तरफ जहां काशी और मथुरा में क्लीन स्वीप किया है वहीं दूसरी ओर अयोध्या में बीजेपी को झटका लगा है। पिछले चुनाव में यहां बीजेपी के पास सभी पांच सीटें थीं लेकिन इस बार के चुनाव में सपा यहां दो सीटें जीतने में कामयाब रही है। अयोध्या मंदिर वाली सीट भी वेद प्रकाश गुप्ता काफी मेहनत के बाद जीत पाए हैं। वहीं हाल काशी है जहां शहर दक्षिणी सीट जीतने के लिए बीजेपी के पसीने छूट गए। राजनीतिक विश्लेषकों की माने तो आने वाले आम चुनाव से पहले बीजेपी को अयोध्या में लोगों की नाराजगी दूर करनी होगी नहीं तो लोकसभा सीट का ऊंट किस करवट बैठेगा ये कहा नहीं जा सकता है।

अयोध्या में बीजेपी को 3 जबकि एसपी ने 2 जीती
अयोध्या से मौजूदा विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने एक बार फिर जीत हासिल की है। उन्हें कुल 112169 (49.11%) मतदाताओं ने चुना था। समाजवादी पार्टी की सरकार में मंत्री रहे तेजनारायण पांडे उर्फ पवन पांडे 92,067 (40.31%) मतों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। बहुजन समाज पार्टी के रवि प्रकाश 17540 (7.68%) मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। कांग्रेस प्रत्याशी रीता यहां चौथे स्थान पर रहीं। दिलचस्प बात यह है कि अयोध्या में नोटा के विकल्प को आम आदमी पार्टी और कम्युनिस्ट पार्टी के उम्मीदवारों से ज्यादा वोट मिले हैं। बीजेपी ने अयोध्या जिले की रुदौली और बीकापुर सीटों पर जीत हासिल की है. वहीं मिल्कीपुर और गोसाईगंज सीट समाजवादी पार्टी के खाते में गई है।

मथुरा की सभी पांच विधानसभा सीटों पर बीजेपी की जीत
मथुरा जिले की सभी पांच विधानसभा सीटों पर बीजेपी ने जीत दर्ज की है. मथुरा शहर से, मौजूदा भाजपा सरकार में मंत्री श्रीकांत शर्मा ने 151729 (60.41%) वोटों से जीत हासिल की। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार प्रदीप माथुर को हराया, जिन्हें 47770 (19.02%) वोट मिले थे। बसपा प्रत्याशी एसके शर्मा 28913 (11.51%) मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार देवेंद्र अग्रवाल को केवल 17408 (6.93%) वोट मिले। यहां नोटा के विकल्प को आम आदमी पार्टी और शिवसेना के उम्मीदवारों से ज्यादा वोट मिले।

बीजेपी ने वाराणसी में क्लीन स्वीप किया
वाराणसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है। वाराणसी में विधानसभा की कुल 8 सीटें हैं और इन सभी पर बीजेपी ने जीत हासिल की है. वाराणसी कैंट से बीजेपी उम्मीदवार सौरभ श्रीवास्तव ने 147833 (60.63%) वोटों से जीत हासिल की है। इस सीट पर समाजवादी पार्टी की पूजा यादव 60989 (25.01%) वोटों के साथ दूसरे नंबर पर रहीं। तीसरे स्थान पर रहे कांग्रेस उम्मीदवार राजेश कुमार मिश्रा को 23807 (9.76%) वोट मिले।

मोदी मैजिक ने जिताई आठों सीटें
बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार कौशिक कुमार पांडे 7068 (2.9%) मतों के साथ चौथे स्थान पर रहे। यहां भी, आप उम्मीदवार को नोटा विकल्प के लिए डाले गए वोटों से कम वोट मिल सके। वाराणसी जिले के शिवपुर, पिंडारा, अजगरा, सिटी नॉर्थ और सिटी साउथ विधानसभा क्षेत्रों में भी बीजेपी उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है। भाजपा के साथ गठबंधन पर चुनाव लड़ रही अपना दल (एस) ने सेवापुरी और रोहनिया सीटों पर जीत हासिल की है।












Click it and Unblock the Notifications