कौन हैं इन्फ्लुएंसर श्रद्धा दुबे? जिसपर लगा प्रेमी की हत्या का आरोप, घटना के बाद फरार, अब सफाई में कही ये बात
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रेस्टोरेंट कारोबारी शिवा शर्मा की मौत का मामला चर्चा में है। इस मामले में आरोपों का सामना कर रहीं मेकअप आर्टिस्ट और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रद्धा दुबे ने एक वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा है। उनका दावा है कि शिवा की मौत हत्या नहीं बल्कि आत्महत्या थी।
दूसरी ओर शिवा की मां रंजना शर्मा ने श्रद्धा और अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए ब्लैकमेलिंग और मारपीट जैसे आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और श्रद्धा की तलाश में जुटी है।

कौन हैं श्रद्धा दुबे? (Who Is Shraddha Dubey?)
श्रद्धा दुबे एक मशहूर सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर, मॉडल और मेक-अप आर्टिस्ट हैं। वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रायबरेली की रहने वाली हैं। मॉडल असाइनमेंट्स, ब्यूटी कॉन्टेस्ट और फैशन इवेंट्स के ज़रिए उन्होंने ग्लैमर वर्ल्ड में अपनी एक खास पहचान बनाई है। लखनऊ के अवध ग्रीन अपार्टमेंट्स में एक किराए के फ्लैट में रहने वाली श्रद्धा के इंस्टाग्राम पर करीब 1.41 लाख फॉलोअर्स हैं। वे 'बेस्ट फेस ऑफ लखनऊ' का खिताब भी अपने नाम कर चुकी हैं।
करीब सात साल पहले एक बड़ी म्यूजिक कंपनी के बैनर तले रिलीज़ हुए एक लोकप्रिय म्यूजिक वीडियो में श्रद्धा दुबे नजर आ चुकी हैं। यूट्यूब पर इस गाने को करीब 2.7 लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। निजी जिंदगी की बात करें तो साल 2022 में उनका अपने पति से तलाक हो गया था। दोनों का एक बेटा भी है, जो इस वक्त श्रद्धा के पूर्व पति के साथ ही रहता है।

वीडियो जारी कर क्या बोलीं श्रद्धा?
फरार चल रही इनफ्लुएंसर श्रद्धा दुबे ने एक मिनट से ज्यादा लंबे वीडियो में दावा किया है कि उसने कुछ भी गलत नहीं किया है। उसने कहा कि शिवा शर्मा की मौत कोई हत्या नहीं बल्कि आत्महत्या थी। वीडियो में श्रद्धा ने लोगों से अपील की है कि उसकी हालत बिल्कुल ठीक नहीं है, इसलिए उसके नाम को किसी भी बड़े राजनेता या वीआईपी से न जोड़ा जाए।
उसने यह भी कहा कि उसका किसी राजनीतिक हस्ती से कोई वास्ता नहीं है और वह पुलिस के सामने आकर पूरी सच्चाई बताने के लिए तैयार है। पुलिस ने इस मामले में श्रद्धा और उसकी बहन रश्मि के अलावा ड्राइवर दानिश और साथी आदिल समेत अन्य अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया है। पुलिस ने दोनों बहनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर दिया है।

मां का गंभीर आरोप: 'अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर करती थी ब्लैकमेल'
मृतक व्यवसायी शिवा शर्मा की मां रंजना शर्मा ने इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। मां का आरोप है कि श्रद्धा दुबे पिछले चार महीने से उनके बेटे को बुरी तरह प्रताड़ित कर रही थी। वह शिवा के साथ मारपीट करती थी और उसके प्राइवेट व अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर लीक करने की धमकी देकर उसे लगातार ब्लैकमेल कर रही थी।
रंजना शर्मा के मुताबिक, घटना वाली रात करीब 9 बजे श्रद्धा ने उन्हें फोन करके बताया कि शिवा उसकी बालकनी से नीचे गिर गया है और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है। इसके बाद जब मां ने दोबारा फोन किया, तो श्रद्धा ने ड्राइवर का फोन नंबर देकर अस्पताल की जानकारी दी। फिलहाल पुलिस इस हाई-प्रोफाइल मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है।
घटना वाली रात क्या हुआ था?
रंजना शर्मा की शिकायत के मुताबिक रात करीब 9 बजे श्रद्धा ने उन्हें फोन करके बताया कि शिवा उनकी बालकनी से गिर गए हैं और उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा है। मां का आरोप है कि दोबारा फोन करने पर श्रद्धा ने बताया कि उनका ड्राइवर शिवा को अस्पताल लेकर गया है।
शिकायत में ड्राइवर का फोन नंबर दिए जाने का भी जिक्र है। अब पुलिस को यह पता लगाना है कि शिवा की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घटना के समय वास्तव में क्या हुआ था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर अनगिनत चोटों और बर्न मार्क्स का खुलासा
हिंदुस्तान टाइम्स द्वारा एक्सेस की गई एफआईआर के मुताबिक, शिवा शर्मा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गंभीर खुलासे हुए हैं। रिपोर्ट में उनके शरीर पर कई बाहरी चोटों और अंदरूनी अंगों जैसे फेफड़े, लीवर और तिल्ली (spleen) में गंभीर क्षति की पुष्टि की गई है।
मौत की वजह अत्यधिक सदमा और खून बहना (shock and haemorrhage) बताई गई है। इसके अलावा, रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि शिवा के शरीर पर सिगरेट से जलने के निशान (cigarette-burn marks) भी मिले हैं।
सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद तेज हुई जांच
लखनऊ में पार्टनर श्रद्धा दुबे के अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिरने से शिवा शर्मा की पिछले हफ्ते मौत हो गई थी। इस मामले में नया मोड़ तब आया जब शिवा की खतरनाक तरीके से नीचे गिरने का एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया, जिसके बाद पुलिस की जांच ने और तेजी पकड़ ली।
अलीगंज में अपने परिवार के साथ रहने वाले शिवा शर्मा दो रेस्टोरेंट और एक कैफे के मालिक थे। इसके अलावा, वह पिछले साल 30 अगस्त को गोमती नगर के एक नाइटक्लब में हुई फायरिंग की घटना में भी आरोपी बनाए गए थे और फिलहाल जमानत पर बाहर थे।
पुलिस के सामने अब क्या सवाल हैं?
इस मामले में सबसे अहम सवाल शिवा की मौत की परिस्थितियों को लेकर है। श्रद्धा इसे आत्महत्या बता रही हैं, जबकि उनकी मां की शिकायत में ब्लैकमेलिंग और मारपीट के आरोप हैं।
पुलिस को घटनाक्रम, उपलब्ध सबूतों और संबंधित लोगों के बयानों की जांच करनी होगी। फिलहाल श्रद्धा दुबे और उनकी बहन की तलाश जारी होने की जानकारी दी गई है। जांच पूरी होने और तथ्यों की पुष्टि के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इस मामले में किसकी क्या भूमिका थी।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे


Click it and Unblock the Notifications
