Rajesh Tiwari कौन हैं? बने कांग्रेस UP प्रदेश प्रवक्ता-10 बार जेल गए, बोले-‘योगी के ब्लड में ब्राह्मण विरोध'
Rajesh Tiwari Oneindia Exclusive: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने अपने मीडिया विभाग में बड़ा बदलाव किया है। पार्टी ने राजेश तिवारी को यूपी कांग्रेस का प्रदेश प्रवक्ता और मीडिया पैनलिस्ट बनाया है। नई जिम्मेदारी के बाद वह टीवी डिबेट, प्रेस कॉन्फ्रेंस और दूसरे मीडिया प्लेटफॉर्म पर कांग्रेस का पक्ष रखते नजर आएंगे।
राजेश तिवारी का कांग्रेस से जुड़ाव करीब ढाई दशक पुराना है। वह यूथ कांग्रेस से लेकर AICC की जिम्मेदारियों तक काम कर चुके हैं। उत्तर प्रदेश के अलावा हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड में भी पार्टी के संगठन और चुनावी अभियानों से जुड़े रहे हैं। राजेश तिवारी का दावा है कि राजनीतिक आंदोलनों के दौरान उन पर 15 से 20 मुकदमे दर्ज हुए और वह करीब 10 बार जेल जा चुके हैं। OneIndia Hindi से खास बातचीत में उन्होंने अपने राजनीतिक सफर, राहुल गांधी के साथ काम करने के अनुभव, 2027 के यूपी चुनाव की रणनीति, ब्राह्मण-मुस्लिम राजनीति और BJP सरकार को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर खुलकर बात की।

पहले जानते हैं कि- कौन हैं राजेश तिवारी?
राजेश तिवारी मूल रूप से कांग्रेस की संगठनात्मक और मीडिया गतिविधियों से जुड़े नेता रहे हैं। उनका राजनीतिक सफर छात्र राजनीति से शुरू हुआ। इसके बाद वह यूथ कांग्रेस में जिला सचिव और फिर जिला प्रवक्ता बने। वह अलग-अलग राज्यों में कांग्रेस के चुनावी और संगठनात्मक अभियानों से जुड़े। उत्तराखंड में पार्टी के कार्यक्रम की जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद राष्ट्रीय स्तर पर मीडिया कोऑर्डिनेशन की भूमिका में आए और मध्य प्रदेश में भी जिम्मेदारी निभाई। उनके राजनीतिक सफर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ला के साथ काम करने का दौर भी अहम रहा। इसके बाद उन्हें हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव से जुड़ी जिम्मेदारी मिली और वह राष्ट्रीय मीडिया कोऑर्डिनेशन से जुड़े काम करते रहे।
आइए जानते हैं कि वनइंडिया से खास बातचीत में 12 सवालों में क्या-क्या पर्दा उठाया?
सवाल-1: राजनीतिक सफर कैसे शुरू हुआ और किससे सबसे ज्यादा प्रभावित हुए?
राजेश तिवारी बताते हैं कि कांग्रेस से उनका भावनात्मक जुड़ाव काफी पहले बन गया था। उन्होंने OneIndia Hindi को बताया कि जब सुल्तानपुर-अमेठी एक ही जिला हुआ करता था, उस दौरान सोनिया गांधी चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने पहुंची थीं। राजेश के मुताबिक, सोनिया गांधी के साथ उमड़ी भीड़ और उनके प्रति लोगों के उत्साह को देखकर उनके मन में पहली बार यह विचार आया कि 'मेरा स्थान इसी पार्टी में है।' उस समय वह छात्र राजनीति में सक्रिय थे। उनका कहना है कि उनके परिवार में सीधे तौर पर कोई सक्रिय राजनीतिज्ञ नहीं था। उनके पिता बैंकर थे, लेकिन उनके दादा कलकत्ता में रहते थे और महात्मा गांधी के आंदोलन से जुड़े थे। घर में कांग्रेस और स्वतंत्रता आंदोलन को लेकर चर्चा होती थी। इसके बाद उन्होंने 2000 में कांग्रेस की सदस्यता ली और फिर संगठन में लगातार आगे बढ़ते गए।

सवाल-2: यूथ कांग्रेस से राष्ट्रीय जिम्मेदारियों तक, कैसा रहा अनुभव?
राजेश तिवारी के मुताबिक, कांग्रेस में शामिल होने के बाद उन्होंने यूथ कांग्रेस से शुरुआत की। पहले जिला सचिव बने और फिर जिला प्रवक्ता की जिम्मेदारी मिली। इसके बाद उन्हें अलग-अलग राज्यों में संगठनात्मक जिम्मेदारियां मिलीं। वह उत्तराखंड में पार्टी के कार्यक्रम के प्रभारी रहे। बाद में राजीव शुक्ला के साथ उनका जुड़ाव हुआ। इसके बाद उन्होंने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में जिम्मेदारी निभाई। राष्ट्रीय मीडिया कोऑर्डिनेटर के तौर पर मध्य प्रदेश में भी काम किया। यानी उनका राजनीतिक सफर चुनाव लड़कर विधायक या सांसद बनने की बजाय मुख्य रूप से संगठन, मीडिया, प्रशिक्षण और चुनावी मैनेजमेंट के इर्द-गिर्द रहा है।
सवाल-3: राहुल गांधी के साथ काम करने का अनुभव कैसा रहा? उनसे क्या सीखा?
राहुल गांधी के साथ काम करने के सवाल पर राजेश तिवारी ने कहा कि वह खुद को इस मामले में भाग्यशाली मानते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी 'सच के लिए संघर्ष' कर रहे हैं और उनके साथ काम करने का अवसर उनके लिए बड़ी बात है। राजेश तिवारी के मुताबिक, राहुल गांधी के साथ काम करने के दौरान उन्हें राजनीतिक मुद्दों को जनता तक पहुंचाने और संगठनात्मक स्तर पर काम करने का अनुभव मिला।

सावल-4: 2027 के यूपी चुनाव में अनुभव कैसे काम आएगा?
राजेश तिवारी का कहना है कि अलग-अलग राज्यों में काम करने के अनुभव को वह अब उत्तर प्रदेश में इस्तेमाल करेंगे। उनके मुताबिक, कांग्रेस का फोकस बेरोजगारी, महंगाई, महिला सुरक्षा, किसानों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर रहेगा। उन्होंने BJP सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि जनता पिछले वर्षों में सरकार के कामकाज को देख चुकी है और अब बदलाव का मन बना रही है। राजेश तिवारी ने आरोप लगाया कि सरकार ने रोजगार देने के अपने वादे पूरे नहीं किए और महंगाई भी बड़ी चुनौती बनी हुई है।
सावल-5: 2027 में कांग्रेस की सबसे बड़ी चुनौती क्या?
राजेश तिवारी चुनौती शब्द को नकारात्मक रूप में नहीं देखते। उनका कहना है कि कांग्रेस चुनौती को स्वीकार करती है। उनके मुताबिक, पार्टी का लक्ष्य बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सामने बेरोजगारी दूर करना, कानून-व्यवस्था सुधारना, युवाओं के लिए रोजगार पैदा करना और राजनीति में 'खत्म हो चुकी सुचिता' को वापस लाना प्रमुख लक्ष्य हैं। राजेश का दावा है कि 2027 में कांग्रेस पहले के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन करेगी।
सवाल-6: 2022 में कांग्रेस सिर्फ 2 सीटों पर जीती थी, इस बार क्या रणनीति?
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के 2022 के प्रदर्शन पर सवाल पूछे जाने पर राजेश तिवारी ने कहा कि राजनीति में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 403 में से 399 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे और उसे सिर्फ दो सीटों (रामपुर खास और फरेंदा) पर जीत मिली थी। इस बार पार्टी का दावा है कि वह बड़ी संख्या में सीटों पर मजबूत चुनाव लड़ेगी। राजेश तिवारी का कहना है कि BJP ने 'भ्रम की स्थिति' पैदा कर रखी है और 2027 में जनता इसका जवाब देगी।
सवाल-7: UP में ब्राह्मणों और मुसलमानों के साथ भेदभाव हो रहा है? क्या यह खुद को असुरक्षित महसूस करते हैं? आपको क्या लगता है?
'योगी के ब्लड में ब्राह्मण-मुसलमान का विरोध...', इंटरव्यू के दौरान राजेश तिवारी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर बेहद तीखा व्यक्तिगत आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ, जिन्हें उन्होंने उनके पुराने नाम अजय मोहन सिंह बिष्ट से संबोधित किया, के 'ब्लड में ब्राह्मण-मुसलमान का विरोध' है और वह इसी आधार पर राजनीति कर रहे हैं। राजेश तिवारी ने दावा किया कि यही राजनीति भविष्य में BJP सरकार के खिलाफ जाने का कारण बनेगी। उन्होंने BJP सरकार पर ब्राह्मणों और मुसलमानों के खिलाफ भेदभाव करने का आरोप भी लगाया।
सवाल-8: UP की बीजेपी सरकार का इसबार ढहने का कारण बनेगा ब्राह्मण-ठाकुर विवाद?
राजेश तिवारी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और BJP सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में ब्राह्मण, मुस्लिम, दलित और पिछड़े वर्ग के लोग सरकार से नाराज हैं। ब्राह्मणों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में ब्राह्मण निर्णायक भूमिका निभाते हैं और कांग्रेस इस सामाजिक समीकरण को अपने पक्ष में मजबूत करने की कोशिश करेगी। हालांकि, ये राजेश तिवारी के राजनीतिक आरोप हैं। BJP सरकार या मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से इन आरोपों पर प्रतिक्रिया इस इंटरव्यू में शामिल नहीं है।
सवाल-9: क्या ठाकुरों का वोट कांग्रेस की झोली में ट्रांसफर होगा?
उत्तर प्रदेश की राजनीति में ब्राह्मण और ठाकुर प्रतिनिधित्व को लेकर उठने वाली बहस पर राजेश तिवारी ने कहा कि सभी ठाकुर BJP के साथ नहीं हैं। उन्होंने कहा कि 'सेक्युलर ठाकुर' कांग्रेस के साथ हैं। इसके साथ ही उन्होंने BJP सरकार पर आरोप लगाया कि प्रदेश में कुछ प्रभावशाली ठाकुर नेताओं और माफिया से जुड़े लोगों को संरक्षण मिला। उन्होंने बृजेश सिंह, धनंजय सिंह और रघुराज प्रताप सिंह जैसे नामों का जिक्र करते हुए सरकार पर सवाल उठाए। राजेश तिवारी ने कहा कि दूसरी तरफ ब्राह्मण और मुस्लिम समुदाय के लोगों के खिलाफ कार्रवाई और हत्याओं को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं।
सवाल-10: 2027 में कांग्रेस का मेनिफेस्टो किन मुद्दों पर होगा?
राजेश तिवारी ने बातचीत में पांच प्रमुख मुद्दे गिनाए-
1. रोजगार
2. महिला सुरक्षा
3. शिक्षा
4. किसानों की आय बढ़ाना
5. नई परियोजनाओं और विकास को बढ़ावा देना
उनका कहना है कि इन मुद्दों के आधार पर कांग्रेस जनता के बीच जाएगी।
सवाल-11: 403 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी कांग्रेस या सपा के साथ गठबंधन?
राजेश तिवारी ने इस पर स्पष्ट किया कि सीटों और गठबंधन का अंतिम फैसला राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व जो निर्णय लेगा, कांग्रेस कार्यकर्ता उसी के अनुसार मेहनत करेंगे। हालांकि उन्होंने दावा किया कि 2027 में कांग्रेस की नीतियों वाले गठबंधन की सरकार बनेगी।
सवाल-12: आप पर 15 से ज्यादा मुकदमों और जेल जाने के दावे कितने सही हैं?
राजेश तिवारी ने खुद से बातचीत में दावा किया कि उनके खिलाफ 15 से 20 राजनीतिक मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक आंदोलनों के दौरान वह करीब 10 बार जेल भी जा चुके हैं। उनके मुताबिक, ये मामले मुख्य रूप से राजनीतिक आंदोलनों से जुड़े रहे हैं।
'योगी मुख्यमंत्री नहीं, मठ की राजनीति कर रहे हैं'
राजेश तिवारी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर यह भी आरोप लगाया कि वह मुख्यमंत्री की बजाय 'मठ की राजनीति' कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि योगी सरकार की प्राथमिकता विकास के बजाय सामाजिक और राजनीतिक ध्रुवीकरण है। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में दलित, पिछड़े, ब्राह्मण और मुस्लिम समेत अलग-अलग सामाजिक समूहों के बीच कांग्रेस अपना आधार दोबारा बनाने की कोशिश करेगी।


Click it and Unblock the Notifications
