Trump के भरोसेमंद Marco Rubio की पत्नी कौन? 7 साल डेटिंग के बाद रचाई थी शादी, अब 43°C में ताजमहल का दीदार
Marco Rubio Love Story: 43 डिग्री की प्रचंड गर्मी में भी प्यार की तपिश कम नहीं हुई। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो अपनी पत्नी जेनेट डाउसडेबेस रूबियो के साथ सोमवार (25 मई) को आगरा के ताजमहल पहुंचे। दुनिया के सात अजूबों में शुमार इस प्रेम स्मारक पर दोनों ने डायना बेंच पर बैठकर फोटो खिंचवाई।
गाइड से नक्काशी की जानकारी ली और करीब 45 मिनट तक परिसर में घूमे। जेनेट ने ताज को देखकर कहा कि बेहद खूबसूरत। मार्को ने विजिटर बुक में लिखा कि दुनिया के सच्चे खजानों में से एक को देखने का अवसर देने के लिए धन्यवाद।

यह दौरा महज एक राजनयिक विजिट नहीं था। यह एक ऐसे जोड़े की कहानी का हिस्सा है, जिसने 30 साल से ज्यादा का सफर तय किया है। स्कूल के दिनों की मुलाकात, 7 साल की डेटिंग, ब्रेकअप, रोमांटिक प्रपोजल और फिर एक मजबूत परिवार। आज मार्को ट्रंप प्रशासन में प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन उनके पीछे हमेशा जेनेट रही हैं। आइए आपको रूबरू कराते हैं इस कपल की दिलचस्प प्रेमकहानी से...
मुलाकात: वेस्ट मियामी का पड़ोस

मार्को रूबियो (जन्म 1971) क्यूबा मूल के अमेरिकी हैं। जेनेट (जन्म 1973) कोलंबिया मूल की। दोनों की जड़ें लैटिन अमेरिका से हैं और दोनों कैथोलिक परिवार से।
दोनों की पहली मुलाकात 1990 में वेस्ट मियामी रिक्रिएशन सेंटर में हुई, जब मार्को 19 साल के थे और फ्लोरिडा विश्वविद्यालय में पढ़ रहे थे। जेनेट 17 साल की थीं और साउथ मियामी सीनियर हाई स्कूल में। दोनों एक ही पड़ोस में रहते थे। दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई।
चीयरलीडर जेनेट: मियामी डॉल्फिंस की स्टार

जेनेट का जीवन सिर्फ पत्नी या मां तक सीमित नहीं रहा। 1997 में उनकी बहन के सुझाव पर वे मियामी डॉल्फिंस की चीयरलीडिंग टीम में शामिल हुईं। यह टीम NFL की प्रसिद्ध चीयरलीडर्स में शुमार है।
ट्रेनिंग बेहद कड़ी थी, दिन में चार बार वर्कआउट, वजन बनाए रखना और परफॉर्मेंस। हाई स्कूल के बाद जेनेट ने मियामी डेड कॉलेज में पढ़ाई की और बैंक में कैशियर का काम किया। बाद में फैशन डिजाइन की पढ़ाई शुरू की, लेकिन पहले बच्चे के आने के बाद उसे पूरा नहीं कर सकीं।
Jeanette Rubio Marco Rubio Love Story: 7 साल की डेटिंग और ब्रेकअप, फिर कैसे बने पति-पत्नी?

दोनों ने लंबे समय तक डेटिंग की। करीब 7-8 साल का रिलेशनशिप पीरियड रहा। 1995 के आसपास दोनों कुछ समय के लिए अलग भी हो गए। लेकिन प्यार फिर जीत गया। वैलेंटाइन डे पर मार्को ने एम्पायर स्टेट बिल्डिंग की छत पर प्रपोज किया। यह जेनेट की पसंदीदा फिल्म 'Sleepless in Seattle' से प्रेरित था। ठंड के कारण जेनेट ऊपर जाने को तैयार नहीं थीं, तो मार्को ने मजाक किया कि वे किंग कांग की तरह चढ़ेंगे। प्रपोजल स्वीकार होते ही एक मजेदार ट्विस्ट भी आया, जिसे जेनेट आज भी याद करके हंसती हैं।
Jeanette Rubio Marco Rubio Kids: शादी और परिवार की नींव (1998)

28 अक्टूबर 1998 को कोरल गेबल्स के चर्च ऑफ द लिटिल फ्लावर में कैथोलिक रीति-रिवाज से दोनों ने शादी की। मार्को 27 और जेनेट 24 साल के थे। शादी के बाद दोनों वेस्ट मियामी में बस गए।
चार बच्चे:
- अमांडा (सबसे बड़ी, जन्म 2000) : पत्रकारिता में रुचि, NBC के लिए काम किया।
- डेनिएला : वर्जीनिया विश्वविद्यालय में कानून की पढ़ाई।
- एंथनी : फ्लोरिडा गेटर्स फुटबॉल टीम के रनिंग बैक, 2024 में गैस्पारिला बाउल में मैच जिताने वाला टचडाउन किया।
- डोमिनिक (सबसे छोटे, जन्म 2007) : 18 साल के हैं।
परिवार कैथोलिक मूल्यों, बाइबल स्टडी और सेवा पर जोर देता है। जेनेट घरेलू जीवन को प्राथमिकता देती हैं लेकिन राजनीति में मार्को का साथ कभी नहीं छोड़ा।
राजनीति में साथ: चुपके से मजबूत सहारा
मार्को जब फ्लोरिडा स्टेट हाउस स्पीकर बने, फिर सीनेटर और अब विदेश मंत्री, जेनेट हर कदम पर साथ रहीं। वे सार्वजनिक रूप से कम नजर आती हैं, लेकिन परिवार को संभालने और मार्को को ग्राउंडेड रखने में उनकी भूमिका अहम है। जेनेट मानव तस्करी विरोधी कार्यों में भी सक्रिय हैं। परिवार वेस्ट मियामी में रहता है, जहां वे पड़ोसियों और चर्च से जुड़े हुए हैं।
Jeanette Rubio Marco Rubio Taj Mahal: ताजमहल विजिट, प्रेम का प्रतीक
25 मई 2026 को भारत दौरे के दौरान मार्को रूबियो 60 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ आगरा पहुंचे। अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर भी साथ थे। ताजमहल में टूरिस्ट एंट्री अस्थायी रूप से नियंत्रित रही। गर्मी के बावजूद दोनों ने पूरा परिसर घूमा। काले कोट-पैंट में मार्को और ग्रे गाउन में जेनेट, दोनों ने काला चश्मा लगाया था। लंच के बाद वे जयपुर रवाना हो गए। ताजमहल प्रेम की अमर कहानी है। मार्को-जेनेट की कहानी भी उसी तरह की है। संघर्ष, धैर्य, अलगाव और फिर अटूट बंधन।













Click it and Unblock the Notifications