आसमानी आफत ने Uttar Pradesh में मचाई भारी तबाही, पिछले 24 घंटे में गई 10 लोगों की जान
Heavy Rain In Uttar Pradesh: देश के कई राज्यों में मॉनसून की बारिश कहर बरपा रही है। एक और जहां यमुना का जलस्तर बढ़ने से देश की राजधानी दिल्ली में कई इलाके डूब गए हैं। तो वहीं, उत्तर प्रदेश, पंचाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में आसमानी आफत ने भारी तबाही मची हुई है।
पिछले 24 घंटों में उत्तर प्रदेश में हुई भारी बारिश और बिजली गिरने से अभी तक 10 लोगों की जान जा चुकी है। इस बात की पुष्टि उत्तर प्रदेश राहत आयुक्त ने की है। शनिवार, 15 जुलाई की देर रात 09 बजे उन्होंने एक बयान जारी किया। जिसमें बताया कि पिछले 24 घंटों में बारिश से संबंधित घटनाओं में 10 लोगों की मौत गो गई।

उत्तर प्रदेश राहत आयुक्त ने बयान में आगे कहा, 'पिछले 24 घंटों में रामपुर में डूबने से दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, बलिया, महोबा और ललितपुर जिलों में बिजली गिरने से सात लोगों की मौत हो गई।' इतना ही नहीं, सुल्तानपुर जिले में सांप के काटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
सिंचाई विभाग के मुताबिक, बदायूं में गंगा खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बुलंदशहर और फर्रुखाबाद में नदी खतरे के निशान के करीब पहुंच चुकी है। प्रयागराज में भी यमुना खतरे के निशान के करीब बह रही है। एक अधिकारी ने बताया कि मथुरा में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान को पार करने के बाद लगातार बढ़ रहा है।
जिले के मांट क्षेत्र के कई गांव पानी से घिरे हुए हैं और कई एकड़ फसल बर्बाद हो गई है। बताया कि मथुरा और वृन्दावन के निचले इलाकों में घरों और सड़कों पर पानी भर गया है। जिला प्रशासन लोगों को बचाने और नुकसान को कम करने के लिए कदम उठा रहा है। तो वहीं, मेरठ, सहारनपुर और नोएडा में बाढ़ जैसे हालात हैं।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, हापुड़ में भारी बारिश के बाद गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में गंगा नदी के पानी का स्तर बढ़ने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली विभाग के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर आनंद गौतम ने बताया कि यहां लगातार गंगा नदी का पानी बढ़ रहा है और धीरे-धीरे बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
उन्होंने बताया कि हमने तैयारियां पूरी कर ली हैं। पानी ज्यादा बढ़ेगा तो बिजली काटनी पड़ेगी और इसके लिए हमने सबको सतर्क कर दिया है। तो वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले दिनों बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वे भी किया था।
मौसम कार्यालय के अनुसार, राज्य में रात 8 बजे समाप्त 24 घंटों में 1.02 सेंटीमीटर की 'सामान्य' बारिश दर्ज की गई। राज्य के 75 जिलों में से 32 में 'अत्यधिक' बारिश दर्ज की गई। इतना ही नहीं, मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में राज्य भर में और बारिश की चेतावनी जारी की है।












Click it and Unblock the Notifications