Video: लुटेरों ने किस तरह ली छात्रा की जान.. CCTV में कैद वारदात, एनकाउंटर में एक बदमाश ढेर
गाजियाबाद में बीटेक छात्रा से चलते ऑटो में मोबाइल लूट मामले का एक आरोपी रविवार रात को पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया है। दूसरे आरोपी को पुलिस ने पहले ही शनिवार को एनकाउंटर के दौरान गिरफ्तार कर लिया था। वहीं अब लूट की घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दोनों आरोपी छात्रा से चलते ऑटो में मोबाइल लूट रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, गाजियाबाद के एक इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ने वाली छात्रा बीते 27 अक्टूबर यानी शुक्रवार को कॉलेज से वापस लौट रही थी। डासना फ्लाईओवर के नजदीक बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे और ऑटो में बैठी छात्रा का मोबाइल लूटने का प्रयास किया।

इस दौरान छात्रा ने बदमाशों का विरोध किया तो बदमाशों ने झटका देकर उसे ऑटो से नीचे खींच लिया। चलते ऑटो से गिरने के कारण छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई और बदमाश उसका मोबाइल लूट कर फरार हो गए थे। वहीं छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार शाम उसकी मौत हो गई।
आपको बताते चलें कि शुक्रवार को बदमाशों द्वारा अंजाम दी गई वारदात, डासना फ्लाईओवर के नजदीक लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। इस वीडियो में बदमाश मृतक छात्रा से मोबाइल छीनते दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही है। वीडियो नीचे है -:
उधर, इस घटना के बाद जांच पड़ताल और बाइक नंबर के आधार पर बदमाशों की पहचान कर पुलिस ने शनिवार को एनकाउंटर के बाद एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। जबकि जितेंद्र उर्फ जीतू नामक दूसरा बदमाश भाग निकला। रविवार रात में गाजियाबाद के मसूरी थाने की पुलिस ने चेकिंग के दौरान बाइक सवार बदमाश को आते हुए देखा तो उसे बाइक रोकने का इशारा किया।

लेकिन बदमाश ने पुलिस के ऊपर फायरिंग कर दी और भागने लगा। भाग रहे बदमाश का पुलिस टीम ने जब पीछा किया तो बदमाश फिर पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगा, जिसमें एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा के लिए फायरिंग की गई तो बदमाश घायल हो गया। पुलिस टीम उसे अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया। वहीं घायल पुलिसकर्मी का इलाज अस्पताल में चल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications