बहराइच में बस से कुचलकर बच्ची की मौत, आगजनी, बवाल
इस सूचना पर कई थानों की पुलिस फोर्स व अफसर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को मौके से खदेड़ा। ग्रामीण अभी भी आक्रोश में हैं।
बहराइच। उत्तर प्रदेश में बहराइच के नानपारा बाईपास पर शनिवार देर शाम बस से कुचलकर एक बच्ची की मौत हो गई। घटना से गुस्साए लोगों ने रोड जामकर प्रदर्शन किया और बस में तोड़फोड़ की है। ग्रामीणों ने बस को भी आग के हवाले कर दिया।

इस सूचना पर कई थानों की पुलिस फोर्स व अफसर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को मौके से खदेड़ा। ग्रामीण अभी भी आक्रोश में हैं। वाहनों को हटाकर आवागमन बहाल किया गया। बालिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए पुलिस ने भेजा है।

प्राप्त समाचार के अनुसार रामगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत विश्वरिया गांव निवासी चांदनी (10) पुत्री राजकुमार को बहराइच-नानपारा बाईपास पर शनिवार देर शाम तेज रफ्तार बस ने कुचल दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। आसपास गांव के तमाम लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी और कई बसों के शीशे तोड़ डाले गए। ग्रामीणों ने हादसा करने वाली बस को आग के हवाले कर दिया। इस प्रदर्शन से रोड पर आवागमन ठप्प हो गया।
इस घटना का वीडियो देखने के लिए क्लिक करें।
वाहनों की लंबी कतार लग गयी। घटना की जानकारी होने पर अपर पुलिस अधीक्षक कमलेश दीक्षित, सीओ सिद्धार्थ सिंह, नगर मजिस्ट्रेट प्रमिल कुमार मौके पर पहुंचे। नगर कोतवाली, देहात कोतवाली, दरगाह, विशेश्वरगंज थाना समेत भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। अफसरों ने आक्रोशित लोगों को शांत कराने की कोशिश की लेकिन लोग रोड पर डटे रहे। इस पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया तो लोग भाग खड़े हुए लेकिन घटना को लेकर ग्रामीणों में बेहद आक्रोश है। आवागमन बहाल किया गया है। पुलिस ने पंचनामा कर बालिका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।












Click it and Unblock the Notifications