PICs: टॉयलेट ध्वस्त कराने पहुंची पुलिस से हुई ऐसी झड़प कि चल गए लाठी डंडे
सहारनपुर के गत्ता मिल कॉलोनी में ज्यादातर मकानों में जो लोग रह रहे हैं, वो गत्ता मिल बंद होने के बाद प्रशासन द्वारा आवंटित आवासों में निवास कर रहे हैं।
सहारनपुर। हाईकोर्ट के आदेश के बाद टॉयलेट ध्वस्त कराने पहुंची पुलिस और एक परिवार के बीच जमकर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि परिवार की एक युवती जेसीबी मशीन के सामने लेट गई। बताया जा रहा है कि परिवार के ही एक व्यक्ति ने एक महिला कांस्टेबल की गिरेबान पकड़ ली, जिसके बाद जमकर विवाद हुआ। पुलिस ने परिवार के सभी सदस्यों को हिरासत में ले लिया है। मामला सहारनपुर शहर की गत्ता मिल कॉलोनी का है। थाना कुतुबशेर क्षेत्र के गत्ता मिल कॉलोनी में ज्यादातर मकानों में जो लोग रह रहे हैं, वो गत्ता मिल बंद होने के बाद प्रशासन द्वारा आवंटित आवासों में निवास कर रहे हैं। यहां पर रहने वाले बिजेंद्र पुंडीर और उसके ऊपरी मकान में रह रहे राजीव दहिया के बीच टॉयलेट को लेकर विवाद चल रहा है। इस मामले की शिकायत राजीव दहिया ने काफी समय पहले से सहारनपुर विकास प्राधिकरण में की थी, लेकिन सहारनपुर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों द्वारा किसी तरह की कार्रवाई ना किए जाने के कारण मामला हाईकोर्ट में चला गया।


हाईकोर्ट में राजीव दहिया की दी गई याचिका के बाद हाईकोर्ट ने विवादित टॉयलेट को ध्वस्त कराने के आदेश दिए, जिसके बाद आज प्राधिकरण अधिकारी थाना कुतुबशेर पुलिस को लेकर बिजेंद्र पुंडीर के आवास पर पहुंचे और टॉयलेट को ध्वस्त कराने का काम शुरू कर दिया। टॉयलेट को ध्वस्त होते देख बिजेंद्र पुंडीर की पुत्रवधु शिखा जेसीबी मशीन के सामने आकर लेट गई। जिस पर एक महिला कांस्टेबल ने उसे उठाने का प्रयास किया, लेकिन मामला कम होने की बजाय बढ़ता गया।


बताया जाता है कि परिवार के एक व्यक्ति ने इस दौरान एक महिला कांस्टेबल के गिरेबान पर हाथ डाल दिया, जिसके बाद गुस्साई पुलिस ने परिवार के सभी सदस्यों की जमकर पिटाई की और कार में डालकर सभी को थाने लेकर आ गई। एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश पर कार्रवाई की गई है।













Click it and Unblock the Notifications