VIDEO: चेकिंग के दौरान पुलिसवाले के बाइक में डंडा डालने से गिरी महिला, उठा विवाद
रामपुर। जिला रामपुर में एआरटीओ द्वारा चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मी द्वारा बाइक में डंडा मारने से गिरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिससे आक्रोशित ग्रामीणों ने एआरटीओ के चालक को पुलिस के सामने जमकर पीटा और एआरटीओ को भी दौड़ा लिया। हंगामा और चालक मारपीट का वीडियो वायरल हो गया है।

जिला रामपुर के अजीमनगर थाना क्षेत्र में मुरसेना चौकी के पास स्वार-बाजपुर मार्ग पर दो दिन पहले एआरटीओ सतीश कुमार पुलिस बल के साथ ओवरलोड वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान क्षेत्र के ही नवाबगंज इलाके के रहने वाले अकील शाह अपनी पत्नी के साथ जा रहे थे। इसी दौरान चेकिंग के दौरान एक पुलिसकर्मी ने पीछे से बाइक में डंडा मार दिया, जिससे बाइक फिसल कर गिर पड़ी। बाइक गिरने से पीछे बैठी उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। इस पर आक्रोशित ग्रामीणों ने एआरटीओ सतीश कुमार के वाहन चालक को वाहन से निकाल जमकर पीटा। वहीं एआरटीओ भी मौके से जान बचाकर भाग खड़े हुए।

पुलिस इस सारे नजारे की गवाह बनी और ग्रामीणों से चालक को छुड़ाने की नाकाम कोशिश करती रही। इस दौरान ग्रामीणों ने एआरटीओ पर अवैध वसूली करने के आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। बाद में पुलिस ने ग्रामीणों को शांत कराया और चोटिल महिला को जिला अस्पताल उपचार के लिए भिजवाया। हंगामे का ग्रामीणों ने वीडियो भी बना लिया जो वायरल अब हुआ है। वायरल वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications