UP Weather: यूपी के कई जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट! 100KM की रफ्तार से आएगी आंधी
UP Weather Update Today: उत्तर प्रदेश में भीषण नौतपा के बीच नोएडा से लेकर राजधानी लखनऊ और पूर्वांचल तक अचानक मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। पूरे प्रदेश में तड़के सुबह से ही तेज रफ्तार से चली आंधी और कड़कती बिजली के साथ झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया है। इस बारिश से प्रदेश के तापमान में सीधे 7 से 10 डिग्री तक की भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को जलती हुई लू से बहुत बड़ी राहत मिली है।
मौसम विभाग ने आज पूरे उत्तर प्रदेश के लिए एक बेहद गंभीर और बड़ा अलर्ट जारी किया है। आइए जानतें हैं IMD ने आपके शहर के मौसम को लेकर अगले कुछ घंटों के लिए क्या नया अनुमान जारी किया है।

कहां-कहां हो चुकी है झमाझम बारिश?
उत्तर प्रदेश में गुरुवार दोपहर के बाद शुरू हुआ मौसम के बदलने का सिलसिला शुक्रवार सुबह तक जारी रहा। प्रदेश के इन मुख्य हिस्सों में बादलों ने डेरा डाल दिया है:
- लखनऊ: सुबह के ढाई बजे से ही आसमान में बादलों की गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश ने राजधानी में मौसम का मिजाज बदल दिया है। ठंडी हवाओं के कारण सुबह से ही धूप पूरी तरह बेअसर है।
- वाराणसी और अयोध्या: वाराणसी में तड़के ऐसी मूसलाधार बारिश हुई कि मौसम पूरी तरह सुहाना हो गया। वहीं अयोध्या में भी हल्की बौछारें देखने को मिलीं।
- झांसी और प्रयागराज: प्रयागराज में 100 किमी की स्पीड से आई आंधी के साथ जोरदार पानी गिरा। वहीं झांसी में तेज हवाओं ने मौसम का पारा गिरा दिया है।
- सहारनपुर और कुशीनगर: सहारनपुर में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश के बीच ओले (ओलावृष्टि) भी गिरे हैं। कुशीनगर में भारी बारिश ने तपती गर्मी को छूमंतर कर दिया है।
- नोएडा व गाजियाबाद: दिल्ली-NCR से सटे नोएडा, गाजियाबाद और मेरठ में कल शाम धूल भरी आंधी के बाद गरज-चमक के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज शुक्रवार, 29 मई 2026 को उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और ओलावृष्टि की सबसे गंभीर चेतावनी है। इल जिलों में सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, बरेली, संभल, रामपुर, पीलीभीत, बदायूं, शाहजहांपुर और आसपास के इलाके शामिल हैं।
30 से ज्यादा जिलों में आंधी और ओलावृष्टि का हाई अलर्ट
इसके अलावा मौसम विज्ञान केंद्र ने पश्चिमी यूपी से लेकर बुंदेलखंड और मध्य यूपी के इन 30 से ज्यादा जिलों में 80 से 100 किमी की रफ्तार वाली आंधी और ओलों का अलर्ट दिया है।
इन जिलों में आगरा, मथुरा, हाथरस, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, फर्रुखाबाद, मैनपुरी, कन्नौज, हरदोई, लखीमपुर खीरी, इटावा, औरैया, कानपुर, उन्नाव, रायबरेली, फतेहपुर, जालौन, झांसी, ललितपुर, महोबा, बांदा, हमीरपुर, चित्रकूट, कौशांबी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, संत रविदास नगर, मिर्जापुर और सोनभद्र शामिल हैं।
साथ ही राजधानी लखनऊ, नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, बागपत, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती और बाराबंकी में भी गरज-चमक के साथ ओले गिरने और तेज आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी है।
अचानक क्यों बदला मौसम और कब तक मिलेगी राहत?
रिपोर्ट्स के अनुसार, 28 मई से उत्तर भारत में एक नया और बेहद मजबूत पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय हो गया है। इसी वेदर सिस्टम के कारण पूरे उत्तर प्रदेश में आंधी और बारिश का माहौल बना हुआ है। मौसम विभाग का अनुमान है कि यह सिलसिला 1 जून 2026 तक लगातार जारी रहेगा, जिससे तापमान में और गिरावट आएगी और आने वाले कुछ दिनों तक लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से पूरी तरह निजात मिली रहेगी।














Click it and Unblock the Notifications