Uttar Pradesh Lok sabha: 'पहले मतदान फिर जलपान' के मंत्र के साथ सीएम योगी ने डाला वोट, लोगों से की यह अपील
Uttar Pradesh Lok Sabha Chunav 2024 Voting: आज देश में अंतिम व सातवें चरण का मतदान हो रहा है। उत्तर प्रदेश की तेरह लोकसभा सीटों पर मतदान शनिवार सुबह सात बजे से शुरु हो चुका है। हॉट सीट मानी जाने वाली गोरखपुर लोकसभा पर मुकाबला रोचक हैं। यहां से बीजेपी ने दोबारा सांसद रवि किशन पर भरोसा जताया है तो इंडिया गठबंधन ने काजल निषाद पर। सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने पहले मतदान फिर जलपान के मंत्र के साथ मतदान किया।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने शनिवार सुबह प्राथमिक विद्यालय कन्या गोरखनाथ गोरखपुर के बूथ संख्या 223 पर मतदान किया। इसके साथ ही उन्होंने अपने मताधिकार का प्रयोग और लोकतांत्रिक कर्तव्य का निर्वहन किया। सीएम अपने बूथ पर वोट डालने वाले पहले मतदाता रहे।

इसके पहले 2019 के लोकसभा, 2022 के विधानसभा चुनाव और 2023 के नगर निगम चुनाव में भी अपने बूथ के प्रथम मतदाता बने थे। झूलेलाल मंदिर के निकट स्थित मतदान केंद्र पर सीएम योगी आदित्यनाथ शनिवार को मतदान के लिए सुबह 7 बजे पहुंचे। मतदान करने के बाद मतदान केंद्र के बाहर मीडिया कर्मियों को संबोधित किया। इस दौरान सीएम योगी ने सातवें चरण की सभी संसदीय क्षेत्रों के मतदाताओं से मतदान की अपील की। शांतिपूर्ण तरीके से मतदान की सीएम ने अपील की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मतदान हमारे महान संविधान के निर्माताओं द्वारा दिया गया लोकतांत्रिक अधिकार ही नहीं बल्कि कर्तव्य भी है।लोकसभा चुनाव में इस अधिकार का बेहतर उपयोग करते हुए हम देश की व्यवस्था को सुदृढ़ करने, स्मार्ट व सेफ बनाने की दिशा में योगदान दे सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications