इटावा में बोले आदित्यनाथ, हम जाति देखकर नहीं करते नौकरियों की भर्ती
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सीएम आदित्यनाथ ने शुक्रवार को इटावा में कहा कि नौजवान बेफिक्र रहें कोई भी भर्ती हो, उनके साथ कोई भेदभाव नहीं होगा, प्रदेश के युवाओं के साथ भेदभाव करेगा तो उसे जेल भेजा जाएगा। योगी ने कहा कि उनकी सरकार हर किसी के लिए काम कर रही है। सरकार ने एक साल में ग्रामीण क्षेत्र में 8 लाख 85 हजार आवास बनाकर दिए हैं। सीएम ऑफिस के मुताबिक, आदित्यनाथ ने शुक्रवार को इटावा में करीब 600 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण किए हैं। शिलान्यास के बाद उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।

आदित्यनाथ ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत 2014 से 2017 के बीच उत्तर प्रदेश में 30 लाख शौचालय भी नहीं बन पाए थे लेकिन एक साल में हमने 57 लाख व्यक्तिगत शौचालय बनाने का काम किया है। वहीं उज्जवला योजना के तहत हमारी सरकार ने प्रधानमंत्री की प्रेरणा से उत्तर प्रदेश में पिछले एक साल में 72 लाख 50 हजार गरीबों को नि:शुल्क रसोई गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए हैं। इसके अलावा भाजपा सरकार ने एक वर्ष के भीतर हजारों लोगों को बिजली कनेक्शन देने का काम किया है।
योगी ने कहा कि इटावा में पर्यटन की संभावनाओं को आगे बढ़ाने के लिए हमने तय किया है कि पंचनदा में, यहां की पांच पवित्र नदियां मिलती हैं, उसे पर्यटन के केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। योगी ने कहा कि प्रदेश के अनुदेशकों का मानदेय बढ़ाने के लिए हमारी सरकार बहुत जल्द फैसला लेने जा रही है, प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को भी सम्मानजनक मानदेय मिल सके, उसके लिए सरकार कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर जल्द ही फैसला लेने जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बसपा और सपा ने मिल कर प्रदेश के समाजिक ताने-बाने को छिन्न भिन्न करने काम किया और प्रदेश में अराजक स्थिति पैदा कर दी थी। उत्तर प्रदेश के व्यापक हित में हमारी सरकार ने कई कार्रवाईं की हैं। चाहे वो योजनाओं का लाभ पहुंचाना हो या फिर गुंडे-बदमाशों पर की जा रही पुलिस द्वारा कार्रवाई, यह सब प्रदेश के भविष्य को सुरक्षित व उज्जवल बनाने के लिए किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications