यूपी चुनाव 2022 से पहले ‘आकांक्षा पेटी' लेकर जनता के बीच जाएगी BJP, जानें क्या है प्लान
लखनऊ, 11 दिसंबर: 2022 में उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसमें अब केवल चार से पांच महीने का समय ही राजनीतिक पार्टियों के सामने शेष बचा है। ऐसे में सभी राजनीतिक पार्टियां अपनी-अपनी तैयारियों में जुट गई हैं। चुनावी विजय रथ, रैलियां और सोशल मीडिया पर प्रचार-प्रसार का दौर शुरू हो चुका है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने यूपी फतह करने के लिए ग्राउंड जीरो पर जाकर लोगों से फीडबैक लेगी।

फीडबैक (जनता के सुझाव) लेने के लिए बीजेपी ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 से पहले बीजेपी 'आकांक्षा पेटी' लेकर जनता के बीच जाएगी। 'आकांक्षा पेटी' ये वो बक्सा होगा, जिसमें आम जनता पत्र के माध्यम से अपने विचार दे सकेगी। आखिर किस तरह की सरकार उनको चाहिए। लोगों के मन की बात क्या है। इसको जानने के लिए आकांक्षा पेटियों से मिलने वाले सभी पत्रों का आकलन किया जाएगा। बताया जा रहा है कि इसकी रूपरेखा तैयार हो गई है और पार्टी जल्द ही तारीख की घोषणा करने वाली है।
दरअसल, बीजेपी अपनी चुनावी तैयारियों में कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती। पार्टी यूपी चुनाव के लिए संकल्प पत्र जारी करेगी, लेकिन इससे पहले पार्टी के रणनीतिकारों ने उत्तर प्रदेश के लोगों तक पहुंचने की योजना बनाई है। इस योजना के तहत बीजेपी जनता के बीच फीडबैक (सुझाव) लेने के लिए लोगों के बीच जाएगी। बताया जा रहा है कि यह 'आकांक्षा पेटियां' प्रदेश की सभी विधानसभाओं में रखी जाएंगी। इस बारे में जानकारी देते हुए बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. चन्द्रमोहन ने बताया कि बीजेपी जनमत के साथ चलती है कि जनमत क्या है?।
डॉ. चन्द्रमोहन ने बताया कि 2017 में भी हमने जनता का मत लिया था और इसकी शुरूआत बीजेपी ने ही की थी। हमने ही संकल्प पत्र का प्रारंभ किया। उससे पहले घोषणा पत्र होता था, हम संकल्प पत्र रूप दिया है और संकल्प पत्र पर काम किया। अब जनता का मत क्या है और वो हम से क्या अपेक्षा कर रही है। वो कैसा नया उत्तर प्रदेश चाहती है उसके लिए आकांक्षा पेटियां पूरे उत्तर प्रदेश में जल्द रखी जाएगी।
वहीं, बीजेपी प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी का कहना है कि भाजपा जनता से फीडबैक लेकर ही योजनाएं बनाती है। वहीं 2017 के विधानसभा चुनाव में भी संकल्प पत्र जनता से फीडबैक लेकर ही बनाया था। उन्होंने कहा कि 5 वर्ष के कार्यकाल में भाजपा सरकार ने इस संकल्प पत्र को पूरा करने का काम किया है। 2022 के चुनाव से पहले जनता से पुनः फीडबैक लेने का काम बीजेपी करेगी। अभी बीजेपी के कई ऐसे अभियान चल रहे हैं, जिसमें पार्टी लोगों से सीधा सम्पर्क कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications