Usman Chaudhary Ecnounter: डिप्टी सीएम बृजेश पाठक बोले, एक-एक अपराधी को सजा मिलेगी
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने दो टूक शब्दों में कहा है कि जो भी अपराधी उमेश पाल हत्याकांड में शामिल हैं उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा, एक-एक अपराधी को सजा मिलेगी।

Usman Chaudhary Ecnounter: उमेशपाल हत्याकांड में यूपी पुलिस लगातार एक्शन में है। इस हत्याकांड के 11 दिन के भीतर पुलिस ने एक के बाद एक लगातार दो एनकाउंटर में दो अपराधियों को ढेर कर दिया है। आज इस हत्याकांड के दूसरे आरोपी को उस्मान चौधरी को पुलिस ने मार गिराया है। एनकाउंटर के बाद उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि पुलिस और एसटीएफ को तैनात किया गया है ताकि वह स्थिति को नियंत्रण में रखे, इस पूरे मामले की जांच चल रही है। पुलिस ने आरोपी को गोली मार दी है और मामले की जांच कर रही है। जो भी इस हत्याकांड में शामिल है, उसे कानून के तहत सख्त सजा मिलेगी।

सात पीढ़ियां रखेंगी याद
बृजेश पाठक ने कहा कि पुलिस और एसटीएफ लगातार लगी हुई है, विवेचना जारी है, धरपकड़ जारी है, कल की जो घटना है, आप जानते हैं कि ये इतने दुर्दांत हत्यारे हैं कि ये लोग पुलिस पर भी हमला करने से बाज नहीं आ रहे हैं। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में एक और अपराधी को ढेर किया है। हमारी पुलिस और एसटीएफ लगातार सक्रियता के साथ छापे डाल रही है। एक-एक अपराधी को सजा मिलेगी, यह हमारी प्रतिबद्धता है। बता दें कि इससे पहले बृजेश पाठक ने कहा था कि उमेश पाल हत्याकांड से जुड़े अपराधियों को ऐसी सजा दी जाएगी कि उनकी आने वाली सात पीढ़ियों के लोग इसे भूल नहीं पाएंगे। 2017 से पहले भी अपराध की घटनाएं होती थी, लोग घर, जमीन, मकान पर कब्जा कर लेते थे, बहू-बेटियों की इज्जत खतरे में रहती थी, लेकिन अब प्रदेश बदल गया है।

योगी आदित्यनाथ ने दिखाए तेवर, एक्शन में पुलिस
दरअसल यूपी पुलिस और पूरी यूपी सरकार के तेवर में जिस तरह का बदलाव देखने को मिल रहा है उसके पीछे प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का वो बयान काफी अहम है जो उन्होंने विधानसभा के भीतर दिया था। विधानसभा में विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि क्या यह सच नहीं है कि जिस अतीक अहमद के खिलाफ पीड़ित परिवार के लोगों ने मुकदमा दर्ज कराया है, वह समाजवादी पार्टी के द्वारा पोषित माफिया है और उसकी कमर को तोड़ने का काम हमारी सरकार ने किया है। योगी आदित्यनाथ ने खुलकर विधानसभा में कहा था कि मैं फिर से कहता हूं, इसी हाउस में कह रहा हूं, इस माफिया को मिट्टी में मिला देंगे।

पहले अरबाज को किया था ढेर
बता दें कि उस्मान चौधरी से पहले यूपी पुलिस ने ने अरबाज को एनकाउंटर में ढेर कर दिया था। जिस क्रेटा कार से इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया था, उसे अरबाज ही चला रहा था। पुलिस को इस बात की जानकारी मिली थी कि अरबाज धूमनगंज के नेहरू पार्क के पास में है, इसके बाद पुलिस ने उसे घेर लिया और उससे सरेंडर करने को कहा, लेकिन जब उसने पुलिस पर गोली चला दी तो जवाबी कार्रवाई ने पुलिस ने उसे ढेर कर दिया। पुलिस ने अरबाज पर तीन गोलियां चलाई थीं। घायल अरबाज को एसआरएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था जहां उसकी मौत हो गई थी। उसे अतीक अहमद का काफी खास आदमी माना जाता था।

24 फरवरी को हुई सरेआम हत्या
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 24 फरवरी को बदमाशों ने उमेश पाल और उनके गनर पर अंधाधुंध गोलियां चलाई थी। जिसमे उमेश पाल और उनके दो सुरक्षाकर्मियों को गोली लगी थी। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी। जिसके बाद बदमाशों की पहचान की गई। उमेश पाल की पत्नी जया पाल ने घटना के बाद धूमनगंज थाने में पूर्व सांसद अतीक अहमद, उसके भाई अशरफ, पत्नी शाइस्ता परवीन, अतीक के दोनों बेटों और उसके साथी गुड्डू मुस्लिम, गुलाम और 9 अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया था।












Click it and Unblock the Notifications