UP Weather Updates: यूपी में आंधी-बारिश का डबल अटैक, 100 KM की रफ्तार से चली हवाएं, योगी सरकार अलर्ट मोड पर
UP Weather Updates: उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि ने प्रदेश के कई जिलों में जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार को अगले दो दिनों के लिए राज्य में भारी बारिश और गरज-चमक के साथ तूफान का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक 30 और 31 मई को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।
IMD के लखनऊ केंद्र द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर हवा की गति 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। इसके साथ ही बिजली गिरने, धूल भरी आंधी और ओलावृष्टि का भी खतरा जताया गया है।

मौसम के इस बदले मिजाज का असर कई जिलों में देखने को मिला। सहारनपुर, लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज समेत करीब 20 जिलों में तेज हवाओं और बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। कई जगह पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की खबरें भी सामने आई हैं।
30 मई को राहत मिलने के आसार कम
मौसम विभाग के अनुसार, 30 मई को भी राहत मिलने के आसार कम हैं। पश्चिमी और पूर्वी यूपी के अलग-अलग इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति झोंकों के दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं 31 मई को भी कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। हालांकि मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि 1 जून से बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने लगेगी। 3 और 4 जून को प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिया जिलाधिकारियों को निर्देश
इधर, खराब मौसम को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्थिति की समीक्षा की और सभी जिलाधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा है कि प्रभावित क्षेत्रों का तुरंत सर्वे कराया जाए, नुकसान का आकलन किया जाए और पीड़ितों को जल्द राहत सहायता उपलब्ध कराई जाए।
हर तीन घंटे में स्थिति की रिपोर्ट शासन को भेजे-मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
सरकार की ओर से यह भी निर्देश दिया गया है कि जिला प्रशासन हर तीन घंटे में स्थिति की रिपोर्ट शासन को भेजे और राहत कार्यों की लगातार निगरानी करे। साथ ही सोशल मीडिया के जरिए राहत शिविरों, मुआवजा वितरण और बचाव अभियानों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए भी कहा गया है। मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है। खासकर खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने को कहा गया है।














Click it and Unblock the Notifications