Wimbledon 2026 में नहीं दिखेगा चैंपियन अल्काराज़ का जलवा? बाहर होने की असली वजह आई सामने
Wimbledon 2026 Carlos Alcaraz: लंदन ग्रैंड स्लैम विंबलडन 2026 की शुरुआत टेनिस फैंस के लिए एक बड़ी निराशा के साथ हो रही है। दो बार के चैंपियन और दुनिया के नंबर-2 खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज़ इस साल टूर्नामेंट में कोर्ट पर नजर नहीं आएंगे। कलाई की चोट से उबर रहे स्पेनिश स्टार ने पूरी तरह फिट न होने के कारण ग्रास-कोर्ट सीजन से अपना नाम वापस ले लिया है।
यूएस ओपन में वापसी की उम्मीद (Wimbledon 2026 Carlos Alcaraz)
अल्काराज़ की गैरमौजूदगी में अब दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी यानिक सिनर, हालिया फ्रेंच ओपन विजेता एलेक्जेंडर ज्वेरेव और दिग्ग्ज नोवाक जोकोविच के बीच खिताबी जंग देखने को मिलेगी। कार्लोस अल्काराज़ को अप्रैल में बार्सिलोना ओपन के पहले दौर के दौरान कलाई में चोट लगी थी। इसके बाद से ही वह टेनिस से दूर हैं। कलाई की इस गंभीर समस्या के कारण वह पहले मैड्रिड ओपन, रोम मास्टर्स और फिर फ्रेंच ओपन 2026 से बाहर हुए। अब विंबलडन (SW19) से हटने के बाद उनका लक्ष्य साल के आखिरी ग्रैंड स्लैम 'यूएस ओपन' से ठीक पहले कोर्ट पर वापसी करना है।

अल्काराज़ ने सोशल मीडिया पर क्या लिखा?
अल्काराज़ ने सोशल मीडिया पर अपनी स्थिति साफ करते हुए लिखा कि मेरी रिकवरी अच्छी चल रही है और मैं काफी बेहतर महसूस कर रहा हूँ। लेकिन दुर्भाग्य से, मैं अभी भी खेलने के लिए पूरी तरह तैयार नहीं हूँ। इसी वजह से मुझे क्वींस क्लब और विंबलडन के ग्रास-कोर्ट सीजन से हटना पड़ रहा है। ये दोनों मेरे पसंदीदा टूर्नामेंट हैं, मैं इन्हें बहुत मिस करूंगा।
कलाई की चोट पर सतर्कता जरूरी
विंबलडन में 2023 और 2024 के चैंपियन रहे अल्काराज़ का यह फैसला उनके लंबे करियर के लिहाज से बेहद व्यावहारिक माना जा रहा है। कलाई की चोट टेनिस खिलाड़ियों के लिए बेहद संवेदनशील होती है। अतीत में डोमिनिक थीम और जुआन मार्टिन डेल पोट्रो जैसे यूएस ओपन चैंपियन खिलाड़ियों का करियर कलाई की गंभीर चोटों के कारण बुरी तरह प्रभावित हो चुका है। अल्काराज़ की मेडिकल टीम किसी भी तरह का जल्दबाजी का जोखिम नहीं लेना चाहती।
सिनर और जोकोविच पर रहेंगी नजरें
अल्काराज़ की अनुपस्थिति ने इस साल विंबलडन के ड्रॉ और सीडिंग को पूरी तरह बदल दिया है। डिफेंडिंग चैंपियन और वर्ल्ड नंबर-1 यानिक सिनर को इस बार टॉप सीड दी गई है। अल्काराज़ के न होने से वर्ल्ड नंबर-3 एलेक्जेंडर ज्वेरेव को दूसरी वरीयता मिली है। यदि टूर्नामेंट में कोई बड़ा उलटफेर नहीं होता, तो सेमीफाइनल में यानिक सिनर और 24 बार के मेजर चैंपियन नोवाक जोकोविच का महामुकाबला देखने को मिल सकता है।
जोकोविच अपने अभियान की शुरुआत चीन के वू यिबिंग के खिलाफ करेंगे और दूसरे दौर में उनका सामना स्टेफानोस सितसिपास से हो सकता है। वहीं, यानिक सिनर पहले दौर में सर्बिया के मियोमिर केकमानोविच के सामने चुनौती पेश करेंगे।















Click it and Unblock the Notifications