दिल्ली में शुरू हुआ 'सहकार से समृद्धि' अभियान,CM रेखा गुप्ता ने दिखाई नई राह, 6 जुलाई तक क्या-क्या होगा?
Delhi Cooperative Week 2026: दिल्ली में सहकारी संस्थाओं को नई रफ्तार देने के लिए सरकार ने एक सप्ताह का बड़ा अभियान शुरू किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार (29 जुलाई) को दिल्ली सचिवालय में 'सहकार से समृद्धि- सहकारी सप्ताह 2026' का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने सहकारी जागरूकता वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो अगले कुछ दिनों तक राजधानी के अलग-अलग इलाकों में जाकर लोगों को सहकारी संस्थाओं के फायदे और उनकी भूमिका के बारे में जानकारी देगी।
यह अभियान भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पांच वर्ष पूरे होने के अवसर पर शुरू किया गया है। दिल्ली सरकार का सहकारिता विभाग पूरे सप्ताह जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए लोगों को इस आंदोलन से जोड़ने की कोशिश करेगा।

Cooperative Week 2026 में पूरे सप्ताह क्या-क्या होगा?
दिल्ली सरकार ने इस अभियान को सिर्फ औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा है। पूरे सप्ताह शहर के अलग-अलग हिस्सों में जागरूकता अभियान, सेमिनार, पैनल चर्चा, नुक्कड़ नाटक, ऑनलाइन और ऑफलाइन क्विज प्रतियोगिताएं, वृक्षारोपण अभियान और जनभागीदारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सरकार का मानना है कि इससे ज्यादा से ज्यादा लोग सहकारी संस्थाओं से जुड़ेंगे और उनके जरिए आर्थिक रूप से मजबूत बनने का रास्ता समझ सकेंगे।
शुभारंभ कार्यक्रम में सहकारिता मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह, मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, मंत्री आशीष सूद, सहकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कई सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़कर अभियान की शुरुआत की और जागरूकता वैन को रवाना किया। सचिवालय परिसर में नुक्कड़ नाटक और जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
सीएम रेखा गुप्ता ने पूरे मामले पर क्या कहा?
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सहकारिता केवल आर्थिक व्यवस्था नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने का मजबूत माध्यम है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'सहकार से समृद्धि' के विजन को हर नागरिक तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि सहकारी सप्ताह के दौरान बड़ी संख्या में लोग इस अभियान से जुड़ेंगे और सहकारी संस्थाओं के जरिए अपने आर्थिक और सामाजिक विकास में भागीदार बनेंगे।
सहकारिता मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने कहा कि दिल्ली सरकार सहकारी संस्थाओं को आधुनिक तकनीक, डिजिटल सेवाओं और पारदर्शी व्यवस्था से मजबूत बनाने पर काम कर रही है। उनका कहना था कि सरकार का लक्ष्य इन संस्थाओं को ज्यादा जवाबदेह, प्रभावी और नागरिकों के लिए उपयोगी बनाना है, ताकि लोगों को बेहतर सेवाएं मिल सकें और सहकारिता आंदोलन के जरिए आर्थिक समृद्धि को नई गति मिले।
10 हजार पौधे भी लगाए जाएंगे
इस अभियान के दौरान पर्यावरण संरक्षण पर भी खास जोर दिया जाएगा। मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने बताया कि नरेला, द्वारका, रोहिणी समेत दिल्ली के कई इलाकों में करीब 10,000 पौधे लगाए जाएंगे। सरकार का मानना है कि सहकारिता और पर्यावरण संरक्षण को साथ लेकर चलने से सामाजिक भागीदारी और भी मजबूत होगी।
उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील की कि पूरे सप्ताह आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और 'सहकार से समृद्धि' को जनआंदोलन बनाने में सहयोग करें। उनका कहना था कि सामूहिक भागीदारी से ही 'विकसित दिल्ली' और 'विकसित भारत 2047' का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
6 जुलाई को होगा समापन
सहकारी सप्ताह का समापन 6 जुलाई को होगा। अंतिम कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली सहकारी संस्थाओं, विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं और सहकारिता क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा। सरकार का मानना है कि इस तरह के कार्यक्रमों से सहकारी संस्थाओं के प्रति लोगों का भरोसा और भागीदारी दोनों बढ़ेंगे।














Click it and Unblock the Notifications