अवैध विदेशी पिस्टल के साथ धरा गया सपा का पूर्व विधायक, एसटीएफ ने किया गिरफ्तार
यूपी एसटीएफ ने मंगलवार को समाजवादी पार्टी के एक पूर्व विधायक राकेश सिंह को अवैध पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर लिया। एसटीएफ को राकेश सिंह के पास एक अवैध टौरस 9 एमएम की पिस्टल मिली है।
लखनऊ। यूपी एसटीएफ ने मंगलवार को समाजवादी पार्टी के एक पूर्व विधायक राकेश सिंह को अवैध पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर लिया। एसटीएफ को राकेश सिंह के पास एक अवैध टौरस 9 एमएम की पिस्टल मिली है। राकेश सिंह अलीगढ़ के रहने वाले हैं और सपा के टिकट पर यूपी की छर्रा विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं। एसटीएफ को सूचना मिली थी कि पूर्व विधायक ने तस्करी के जरिए विदेश से पिस्टल मंगवाई है, जिसके बाद सोमवार देर रात उनके घर पर छापेमारी हुई।

यूपी एसटीएफ के एडिशनल एसपी नारायण मिश्रा ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया, 'हमारी टीम विदेशी हथियारों की तस्करी को लेकर लगातार नजर बनाए हुए है। समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक राकेश सिंह को अवैध विदेशी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया गया है। उनसे पूछताछ कर मामले की जांच की जा रही है।' एसटीएफ के सूत्रों की मानें तो राकेश सिंह की गिरफ्तारी के बाद विदेशी हथियारों की तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हो सकता है।
पहले भी चर्चा में रहे हैं पूर्व विधायक
पूर्व विधायक राकेश सिंह इससे पहले तब चर्चा में आए थे, जब पिछली सपा सरकार में उनके ऊपर एक सरकारी अधिकारी को धमकी देने का आरोप लगा था। आरोप था कि उनके एक करीबी को सस्पेंड करने पर राकेश सिंह ने परिवहन विभाग के अधिकारी को फोन पर धमकाया था। इस घटना का ऑडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications