UP STF के हत्थे चढ़ा 1 लाख का इनामी बावरिया डकैत 'कालिया', कई जिलों में डाल चुका है डकैती
लखनऊ। यूपी एसटीएफ ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में डकैती और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले कुख्यात बावरिया गैंग के इनामी डकैत कालिया को गिरफ्तार किया है। कालिया पर पुलिस ने एक लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। एसटीएफ ने बताया कि कालिया ने लखनऊ, बाराबंकी और फर्रुखाबाद जिले में लगातार कई डकैतियों को अंजाम दिया है। पुलिस ने बदमाश के कब्जे से डकैती में लूटे गए जेवरात और डकैती की घटना में प्रयोग की गई साइकिल भी बरामद कर ली है।

यूपी एसटीएफ ने बताया कि बावरिया गैंग ने दिसम्बर 2017 और जनवरी 2018 में लखनऊ, फर्रुखाबाद और बाराबंकी में डकैती की ताबड़तोड़ घटनाओं को अंजाम दिया था, जिसमें चार व्यक्तियों की मौत हो गई थी और कई अन्य लोग घायल भी हुए थे। इसके बाद से लगातार पुलिस इस गिरोह की तलाश में जुटी हुई थी। बुधवार को एसटीएफ ने कालिया को लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की माने तो इनामी बदमाश लखनऊ, बाराबंकी और फर्रूखाबाद जिले में कई सनसनीखेज डकैतियों में वांछित चल रहा था। बदमाश पर डकैती सहित हत्या जैसे 13 संगीन वारदातों में मुकदमे दर्ज थे। एसटीएफ ने बदमाश के कब्जे से डकैती में लूटे गए जेवरात और डकैती की घटना में इस्तेमाल की गई पैशन-प्रो मोटर साइकिल भी बरामद की है। उल्लेखनीय है कि इस गैंग के सरगना विनोद बावरिया को पहले ही यूपी एसटीफ गिरफ्तार कर चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications