UP Rain Alert: वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर समेत कई जिलों में बादलों की गर्जना, जानें आपके शहर के मौसम का हाल
UP Rain Alert: उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राज्य के पूर्वी हिस्से में बादलों की आवाजाही के साथ बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। गुरुवार को वाराणसी, प्रयागराज और जौनपुर समेत आठ जिलों में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।
मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के अनुसार, 21 मार्च को प्रदेश के लगभग 30 जिलों में बादलों की गर्जना के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना है। वहीं, लखनऊ, बाराबंकी सहित कई जिलों में 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

22 तक जारी रहेगा बारिश और तेज हवाओं का दौर
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी यूपी और पश्चिमी हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का असर 22 मार्च तक रहेगा। इसके बाद 23 मार्च से मौसम साफ होने लगेगा और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पश्चिमी यूपी में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से और पूर्वी यूपी में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। हालांकि, 23 मार्च के बाद मौसम सामान्य होने की संभावना है।
इन जिलों में हो सकती है बारिश और वज्रपात
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, शुक्रवार को बांदा, चित्रकूट, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र और संत रविदास नगर में गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है।
इसके अलावा, जौनपुर, गाजीपुर, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, जालौन, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, कुशीनगर, कानपुर नगर, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और आसपास के इलाकों में भी तेज हवाओं और बादलों की गर्जना के साथ बारिश हो सकती है।
तेज हवाओं की चेतावनी जारी
मौसम विभाग ने सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, जौनपुर और गाजीपुर जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवा चलने का अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, कुशीनगर, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर और आसपास के इलाकों में भी 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है।
बहराइच में सबसे ठंडा
लखनऊ स्थित अमौसी मौसम केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार को यूपी का सबसे गर्म जिला बांदा रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, बहराइच में सबसे कम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
यूपी में धीरे-धीरे गर्मी बढ़ रही है और राजधानी लखनऊ में भी तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 24 मार्च को एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा, जिससे उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में फिर से मौसम बदल सकता है। हालांकि, यह प्रभाव ज्यादा देर तक नहीं रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications