फिलहाल खुले रहेंगे यूपी के सात जिलों के स्कूल, वायु प्रदूषण की वजह से बंद रखने का आदेश निरस्त
नोएडा, 18 नवंबर। वायु प्रदूषण के बिगड़ते हालात को देखते हुए उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले समेत अन्य कुछ जिलों के शैक्षणिक संस्थाओं को बंद करने का आदेश जारी किया गया था जिसको वापस ले लिया गया। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आदेश वापस लेने के बाद गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर, शामली और बुलंदशहर के स्कूल खुले रहेंगे। बुधवार को गौतम बुद्ध नगर के डीएम सुहास एल वाई ने आदेश जारी कर कहा था कि अगले आदेश तक जिले के सभी शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे। कहा था कि ऑनलाइन मोड में शिक्षण कार्य होंगे। लेकिन देर रात उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने यह आदेश वापस ले लिया।

बुधवार को जारी आदेश में दिल्ली एनसीआर और उत्तर प्रदेश में वायु प्रदूषण को देखते हुए गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, गाजियाबाद, मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर और शामली जिलों में 21 नवंबर तक निजी और सरकारी शिक्षण संस्थाओं को बंद रखने की बात कही गई थी। देर रात उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने कहा कि स्कूलों को बंद रखने का आदेश वापस लिया जा रहा है। इसके साथ ही, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने कहा कि नोएडा में सरकारी और अर्द्धसरकारी कार्यालयों में 50 प्रतिशत स्टाफ ही बुलाए जाएंगे। नोएडा में कंस्ट्रक्शन के काम पर पाबंदी जारी रहेगी। डीजल जेनरेटर चलाने पर भी रोक लगी है लेकिन इंमरजेंसी सेवाओं में छूट रहेगी।
इस बारे में उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी विवेक राय ने बुधवार की देर रात पत्र जारी करते हुए कहा कि सरकारी व निजी स्कूलों को बंद करने का फैसला अभी प्रदेश में शासन स्तर पर विचाराधीन है। इसलिए जो आदेश जारी किया गया है, उसको निरस्त किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की तरफ से नया आदेश जारी होने के बाद जिलाधिकारियों ने भी स्कूलों को बंद रखने का आदेश वापस ले लिया।












Click it and Unblock the Notifications