UP News: यूपी सरकार ने संभल सीओ का किया तबादला, जानिए अनुज चौधरी इतने चर्चित क्यों?
UP News: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में पुलिस प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण फेरबदल करते हुए सीओ स्तर पर तैनाती में बदलाव किया है। अपने स्पष्ट और बेबाक बयानों के कारण हाल के दिनों में चर्चा में रहे क्षेत्राधिकारी (CO) अनुज चौधरी का तबादला चंदौसी सर्किल कर दिया गया है। उनकी जगह प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी आलोक भाटी को संभल सर्किल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आइए जानते हैं हाल कि दिनों में अनुज चौधरी इतने चर्चा में क्यों थे...
संभल के सर्किल ऑफिसर (CO) अनुज चौधरी मार्च 2025 में अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहे। होली और जुमा (शुक्रवार की नमाज़) एक ही दिन पड़ने की स्थिति में, उन्होंने शांति समिति की बैठक में ऐसा बयान दिया जिसे कुछ लोगों ने सौहार्द्र बढ़ाने की कोशिश माना, तो वहीं कईयों ने इसे विवादास्पद बताकर आलोचना की।

अनुज चौधरी ने क्या कहा था
CO अनुज चौधरी ने कहा था, "जुमा साल में 52 बार आता है, जबकि होली केवल एक बार। अगर किसी को रंगों से परहेज़ है, तो वे घर में रहें और नमाज़ वहीं अदा करें।" साथ ही उन्होंने हिंदू समुदाय से आग्रह किया कि जो रंग न लगवाना चाहे, उस पर ज़ोर जबरदस्ती न की जाए।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने एक और बयान में कहा, "अगर आप ईद की सेवइयां खिलाना चाहते हैं, तो आपको गुजिया भी खानी पड़ेगी।" इस कथन के ज़रिए उनका उद्देश्य दोनों समुदायों में आपसी समझ और समरसता को बढ़ावा देना था।
हालांकि, इन बयानों के बाद राजनीतिक माहौल गर्म हो गया। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस जैसे विपक्षी दलों ने इसे एक पक्षपातपूर्ण और अनुचित टिप्पणी बताया तथा अनुज चौधरी पर कार्रवाई की माँग की।
वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अनुज चौधरी के पक्ष में बयान देते हुए कहा कि उनका इरादा केवल शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व को बढ़ावा देना था। उन्होंने यह भी जोड़ा कि नमाज़ घर पर भी पढ़ी जा सकती है और होली जैसा पर्व सभी को मिलजुलकर मनाना चाहिए।
इसी बीच, अनुज चौधरी को जान से मारने की धमकियाँ भी मिलने लगीं, जिस पर उनके पिता ने सरकार से उनके लिए सुरक्षा की माँग की और कहा कि कुछ लोग उन्हें जानबूझकर निशाना बना रहे हैं।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने अनुज चौधरी के लिए क्या कहा था
सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक मीडिया चैनल से बातचीत करते हुए कहा कि "होली के मौके पर सभी को एक-दूसरे की भावनाओं का आदर करना चाहिए। जुमा की नमाज़ हर शुक्रवार को होती है, जबकि होली साल में केवल एक बार आती है। यही बात शांतिपूर्वक और सद्भाव के साथ समझाई गई है।"मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने CO अनुज चौधरी का बचाव करते हुए कहा कि वह एक पूर्व पहलवान और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित खिलाड़ी हैं, इसलिए उनका बोलने का तरीका स्पष्ट होता है।
उन्होंने कहा कि "वो पहलवान हैं, ओलंपिक स्तर के खिलाड़ी रह चुके हैं, इसलिए बात भी उसी अंदाज़ में करते हैं - सीधी और स्पष्ट। लेकिन बात अगर सच्ची है, तो उसे स्वीकार करने का साहस भी होना चाहिए।"












Click it and Unblock the Notifications