UP News: 'चेहल्लुम पर ना हो हथियारों का प्रदर्शन', सीएम योगी ने दिए सख्त निर्देश
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने त्यौहारी सीजन को देखते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए हैं।
UP CM Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी पर्व त्योहारों के दृष्टिगत सुदृढ़ कानून-व्यवस्था व श्रद्धालुओं की सुविधाओं के संबंध में सभी अधिकारियों को निर्देश जारी कर कहा है कि चेहल्लुम पर किसी भी सूरत में हथियारों का प्रदर्शन नहीं होना चाहिए।

आम जनता के लिए हमेशा उपलब्ध रहें
उन्होंने कहा कि प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि पूरे प्रदेश में हर्ष एवं उल्लास पर्व और त्योहार आयोजित हों। फील्ड में तैनात अधिकारी आम जनता के लिए अपने कार्यालयों के द्वार खुले रखें। जनपद स्तर पर एक मैकेनिज्म बनाकर जनसुनवाई करें। किसी भी मामले को लंबित न रखें, बल्कि त्वरित निस्तारण की प्रक्रिया अपनाएं।
रक्षाबंधन पर रखें विशेष सतर्कता
उन्होंने कहा कि बेहतर टीम वर्क, सतत संवाद और सभी वर्गों से मिल रहे सहयोग का ही परिणाम है कि हाल के वर्षों में प्रदेश में सभी पर्व-त्योहार शांति और सौहार्द पूर्ण माहौल में सम्पन्न हो रहे हैं। टीमवर्क और जनसहयोग का यह क्रम सतत जारी रखा जाए। उन्होंने कहा कि आगामी 30-31अगस्त को रक्षाबंधन का पवित्र पर्व है।
महिलाओं के लिए किसी तरह का खतरा न हो
योगी ने कहा कि इसके दृष्टिगत 29 अगस्त की मध्य रात्रि से 31 अगस्त की मध्य रात्रि तक परिवहन विभाग तथा नगर बस सेवा माताओं-बहनों के लिए निःशुल्क बस की सुविधा उपलब्ध कराए। साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि ड्राइवर या कंडक्टर नशे में न हो और बसों की हालत अच्छी हो। वरिष्ठ अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि कहीं भी महिलाओं के साथ कोई अप्रिय घटना न घटे। माताओं-बहनों की सुरक्षा को लेकर खतरा बने शोहदों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें।
कानून व्यवस्था को गंभीरता से लें
योगी ने कहा कि त्योहारों का यह समय कानून-व्यवस्था के दृष्टिगत यह संवेदनशील है। अतः हमें सतत सतर्क-सावधान रहना होगा। हर पर्व शांति और सौहार्द के बीच सम्पन्न हों, इसके लिए स्थानीय जरूरतों को देखते हुए सभी जरूरी प्रयास किए जाएं। छोटी सी घटना लपरवाही के कारण बड़े विवाद का रूप ले सकती है। ऐसे में अतिरिक्त सतर्कता आवश्यक है।
जन्माष्टमी पर भी करें फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि 6-7 सितम्बर को श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व है, तो वहीं 7 सितंबर को चेहल्लुम का जुलूस भी निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व प्रदेश के सभी थानों, पुलिस लाइन और जेल में यह पर्व सात्विक तौर पूरे उल्लास के साथ मनाया जाए।
आबकारी विभाग को भी दिया निर्देश
आबकारी विभाग को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि अवैध और मिलावटी शराब के खिलाफ अभियान चलाकर रोक लगाएं। इस कृत्य में पाए गए लोगों के खिलाफ सख्ती से निपटें। मुख्यमंत्री ने बारिश और बाढ़ की स्थिति को लेकर नगर निकाय और ग्राम पंचायतों में फॉगिंग और एंटी लार्वा के छिड़काव कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने बाढ़ के कारण हुई जनहानि पर तुरंत चार लाख रुपए की आर्थिक मदद उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया।












Click it and Unblock the Notifications