Uttar Pradesh News: 'योगी को ठोक दो', आखिर रणदीप सुरजेवाला ने क्यों कही ये बात?
लोकसभा चुनाव में बीजेपी को उत्तर प्रदेश में करारी हार का सामना करना पड़ा। 4 जून को सामने आए नतीजों ने यूपी में बीजेपी की जड़ों को हिला कर रख दिया। जिसके कारण, बीजेपी के अंदरखाने काफी हलचल देखने को मिल रही है। सियासी गलियारों में चर्चा शुरू हो गई है कि सूबे की सत्ता में कुछ बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
इस बीच, कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी बड़ा दावा किया है। सुरजेवाला ने कहा कि यूपी के डिप्टी सीएम (केशव मौर्य) को दिल्ली बुलाकर संदेश भेजा गया कि (यूपी के सीएम) योगी आदित्यनाथ को ठोक दो (रास्ते से हटा दो)। हमें नहीं पता कि यह संदेश पीएम मोदी, नड्डा या अमित शाह भेज रहे हैं। अब लगता है कि बीजेपी में आपसी बुलडोजर वॉर चल रही है।

मोदी-शाह से होगी मुलाकात?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक शुक्रवार (26 जुलाई 2024) शाम को दिल्ली रवाना होंगे। खास बात यह है कि तीनों अलग से जाने की तैयारी में हैं। शनिवार को दिल्ली में आयोजित नीति आयोग के गवर्निंग काउंसिल में तीनों को शामिल होना है। इस दौरान, पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात होने की अटकलें हैं। आपको बता दें कि, हाल ही में केशव प्रसाद मौर्य दिल्ली में नड्डा से मुलाकात करने पहुंचे थे।
योगी की अपने ही डिप्टी CM से तकरार!
सियासी गलियारों में हवा है कि योगी आदित्यनाथ और उनके डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या के बीच सबकुछ ठीक नहीं है। इसका आकलन यही से लगाया जा सकता है कि योगी आदित्यनाथ की जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या गायब रहे हैं। बीती 25 जुलाई को प्रयागराज मंडल की योगी आदित्यनाथ ने बैठक की। जिसमें लोकसभा चुनाव के हार की समीक्षा की गई। इस बैठक में बैठक में बीजेपी के साथ अपना दल (एस) के विधायक भी पहुंचे, लेकिन केशव प्रसाद मौर्य नहीं पहुंचे।
वहीं, 26 जुलाई को लखनऊ में जनप्रतिनिधियों के साथ योगी आदित्यनाथ ने बैठक की। इसमें, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक शामिल नहीं हुए। हालांकि, उन्होंने अपनी अनुपस्थिति के लिए निजी कारणों को बताया।












Click it and Unblock the Notifications