UP News: Dr Dinesh Sharma का राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचन तय, अखिलेश ने नहीं उतारा उम्मीदवार
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा का राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचन लगभग तय हो गया है क्योंकि यहां विपक्ष ने अपना उम्मीदवार नहीं उतारा है।
Rajyasabha By Election UP , Dinesh Sharma: उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने मंगलवार को राज्यसभा के लिए अपना नामांकन दाखिल किया था। हालांकि 5 सितंबर को नामांकन का अंतिम दिन था। बीजेपी के अलावा और किसी दल के प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया है जिससे शर्मा का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है। इस सीट पर 15 सितंबर को चुनाव होना था लेकिन अब मतदान की नौबत नहीं आएगी।

समाजवादी पार्टी ने नहीं उतारा उम्मीदवार
ऐसी अटकलें लगाई जा रहीं थीं कि नामांकन के अंतिम दिन समाजवादी पार्टी के चीफ अखिलेश यादव उम्मीदवारी का दांव चल सकते हैं लेकिन बीजेपी नेता हरिद्वार दुबे के निधन से खाली हुई इस सीट पर उन्होंने उम्मीदवार उतारने की जहमत नहीं उठाई। हालांकि इससे पहले के चुनावों में सपा लगातार बीजेपी के खिलाफ उम्मीदवार उतारती रही है चाहे उसकी जीतने की स्थिति रही हो या न रही हो।
वरिष्ठ पत्रकार कुमार पंकज कहते हैं कि,
चूंकि बीजेपी के नेता हरिद्वार दुबे के निधन से यह सीट खाली हुई थी इसलिए किसी और दल ने उम्मीदवार उतारने का प्रयास नहीं किया, ऐसा हो सकता है। लेकिन दूसरा कारण यह भी है कि किसी भी दल के पास यह चुनाव जीतने का आंकड़ा नहीं है इसलिए कोई भी पार्टी उम्मीदवार उतारकर अपनी फजीहत नहीं कराना चाहती है।
दिनेश शर्मा के नामांकन के दौरान मौजूद रहे योगी
इससे पहले मंगलवार को लखनऊ के विधानभवन में यूपी से राज्यसभा सीट के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले डॉ. दिनेश शर्मा के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी मौजूद थे। 15 सितंबर को इस सीट पर मतदान होना है लेकिन शायद अब मतदान की नौबत नहीं आएगी। इस सीट का कार्यकाल नवंबर 2026 तक है।
योगी ने पीएम को दिया धन्यवाद
इससे पहले भाजपा मुख्यालय में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए, आदित्यनाथ ने इस पद के लिए शर्मा को नामित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया था।
यूपी में पांच सालों तक उपमुख्यमंत्री रहे दिनेश शर्मा
दरअसल, 2017 में भाजपा की सरकार बनने के बाद शर्मा को 2022 तक माध्यमिक और उच्च शिक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी विभागों की देखरेख के साथ उपमुख्यमंत्री बनाया गया था। उन्होंने शिक्षा क्षेत्र में सुधार के लिए कई कदम उठाए।
शर्मा ने पीएम मोदी और पार्टी का किया शुक्रिया
शर्मा ने संसद के उच्च सदन का सदस्य बनने का अवसर देने के लिए पीएम, सीएम और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं को धन्यवाद दिया। यूपी विधान परिषद के सदस्य शर्मा ने कहा कि, " मैं एक समर्पित पार्टी कार्यकर्ता के रूप में भाजपा के लिए काम करूंगा। मैं यह भी सुनिश्चित करूंगा कि प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी फिर से चुने जाएं।"












Click it and Unblock the Notifications