'आतंकवादियों की शिक्षा नहीं होगी', मदरसों पर क्या बोल गए यूपी के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री धर्मपाल सिंह
बरेली, 3 अप्रैल: यूपी में योगी सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री धर्मपाल सिंह ने मदरसों में दी जाने वाली शिक्षा को लेकर एक विवादित टिप्पणी की है और इससे प्रदेश की राजनीति गर्मा सकती है। उन्होंने कहा है कि अब सभी मदरसों को नई शिक्षा नीति के तहत अपना सिलेबस तय करना होगा और सिर्फ राष्ट्रवाद की बाते करनी होंगी, आतंकवाद की नहीं। यही नहीं उन्होंने वक्फ बोर्ड की जमीनों को अवैध कब्जे से छुड़ाने के लिए भी सख्त कदम उठाए जाने की बात की है। धर्मपाल सिंह ने बरेली में मीडिया वालों की ओर से पूछे गए सवालों के दौरान ये बातें कही हैं।

मदरसा शिक्षा पर योगी के मंत्री की विवादित टिप्पणी
उत्तर प्रदेश में आंवला विधानसभा क्षेत्र से 5 बार के विधायक और कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने मदरसों को लेकर एक ऐसा बयान दिया है, जिसको लेकर विवाद शुरू हो गया है। उन्होंने कहा है कि अब मदरसों में सिर्फ राष्ट्रहित की बातें ही होंगी, आतंकवादियों की नहीं। उन्होंने वक्फ बोर्ड को लेकर भी महत्वपूर्ण बयान दिए हैं और इसके नाम पर नियम-कानून तोड़ने वालों के खिलाफ बुल्डोजर ऐक्शन का भी प्लान बताया है। धर्मपाल सिंह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार में पशुधन, दुग्ध विकास, राजनैतिक पेंशन, अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ और हज के अलावा नागरिक सुरक्षा विभाग के भी कैबिनेट मंत्री हैं।

'मदरसों में आतंकवादियों की शिक्षा नहीं होगी'
शनिवार को बरेली स्थित इंडियन वेटरनेरी रिसर्च इंस्टीट्यूट में मीडिया वालों को संबोधित करते हुए योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रदेश में अब मदरसों में भी शिक्षा का आधार केंद्र सरकार की नई शिक्षा नीति होगी। उनसे मदरसों को लेकर एक सवाल पूछा गया था। इसके जवाब में बोले, "मदरसों का हम करेंगे। मदरसों में कोई राष्ट्रीय शिक्षा देगा। राष्ट्रहित की बात करेंगे। आतंकवादियों की शिक्षा नहीं होगी। कमर्शियल शिक्षा देंगे मदरसों में तो हम उसके बारे में विचार करेंगे।" उन्होंने अपने पास अल्पसंख्यक कल्याण और पशुधन,दुग्ध विकास दोनों विभाग होने के बारे में कहा कि "अब कैसी विडंबना है...हमें गायों का भी संरक्षण करना है और अल्पसंख्यक लोगों की भी चिंता करनी है। दोनों विपरीत विभाग हैं....."

वक्फ बोर्ड की जमीन पर अवैध कब्जा छुड़ाने के लिए चलेंगे बुल्डोजर
यही नहीं, उन्होंने वक्फ बोर्ड की अवैध कब्जे वाली जमीनों को लेकर भी सरकार का रुख साफ कर दिया है। धर्मपाल सिंह ने कहा कि "वक्फ बोर्ड की बहुत जमीनें हैं। इनपर माफियाओं के कब्जे हैं। कुछ लोगों ने वैसे ही फर्जी कराकर करवा लिए हैं तो उसको हम छुड़वाने का काम करेंगे।.......बुल्डोजर भी चलेगा....।"

'स्कूलों की जगह पर मदरसों की क्या आवश्कता है?'
दरअसल, इन दिनों बीजेपी शासित एक और राज्य कर्नाटक में अल्पसंख्यकों से सबंधित कई तरह के विवाद चल रहे हैं। कुछ दिन पहले सीएम बसवराज बोम्मई के राजनीतिक सचिव और पार्टी विधायक एमपी रेनुकाचार्य ने कहा था कि वे मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री से अनुरोध करेंगे कि मदरसों पर पाबंदी लगाएं, क्योंकि ये सिर्फ राष्ट्र-विरोधी तत्व पैदा कर रहे हैं। उन्होंने मार्च में कहा था कि, 'मैं कांग्रेस नेताओं से पूछता हूं कि स्कूलों की जगह पर मदरसों की क्या आवश्कता है? वे मदरसे में क्या प्रचार करते हैं? वे मासूम बच्चों को उकसाने का काम करते हैं। कल, वे हमारे देश के खिलाफ चले जाएंगे और वे कभी भी भारत माता की जय नहीं कहेंगे।'












Click it and Unblock the Notifications