UP विधान परिषद चुनाव: डॉ कफील खान को समाजवादी पार्टी ने बनाया उम्मीदवार
नई दिल्ली, 15 मार्च: गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कालेज में हुए ऑक्सीजन कांड के बाद चर्चा में आए डॉ. कफील खान को देवरिया-कुशीनगर स्थानीय निकाय विधान परिषद सदस्य के होने वाले चुनाव में समाजवादी पार्टी ने प्रत्याशी बनाया है। इससे पहले आज कफील खान ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की और गोरखपुर हॉस्पिटल ट्रेजडी पर लिखी पुस्तक भेंट की। कफील खान सोमवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे।

कफील खान को गोरखपुर के बीआरडी अस्पताल में हुई बच्चों की मौत के मामले में मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर निलंबित किया गया था। इस मामले में उन्हें गिरफ्तार किया गया था। बाद में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उन्हें इस मामले में क्लीन चिट दी थी। अखिलेश यादव से मुलाकत के बाद कफील खान ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने और यूपी-बिहार बॉर्डर पर एक अस्पताल बनाने का सपना है। अगर वो जीत जाते हैं और सरकार के सहयोग की ज़रूरत पड़ती है तो उन्हें मुख्यमंत्री योगी से मिलकर मदद मांगने में कोई गुरेज़ नहीं है।
इसके अलावा, इलाहाबाद कौशाम्बी सीट से सपा ने वासुदेव यादव को प्रत्याशी बनाया है। सपा ने विधान परिषद प्राधिकारी क्षेत्र के चुनाव में कई निवर्तमान एमएलसी को दोबारा मौका दिया है। इनमें फैजाबाद- अंबेडकर नगर से हीरालाल यादव, लखनऊ-उन्नाव से सुनील सिंह यादव साजन, मथुरा-एटा-कासगंज से उदयवीर सिंह, बस्ती-गोरखपुर से संतोष यादव सनी, बाराबंकी से राजेश यादव शामिल हैं।
सपा ने बलिया से समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद गिरी को मैदान में उतारा है। जौनपुर से डॉ. मनोज यादव, श्रावस्ती-बहराइच से अमर सिंह, आजमगढ़ से राकेश गुड्डू को मैदान में उतारा गया है। पार्टी की ओर से इन उम्मीदवारों की अधिकृत सूचना जारी नहीं की गई है, लेकिन पार्टी के उच्च सूत्रों ने बताया कि, इन सभी कैडिडेट को शीर्ष नेतृत्व ने हरी झंडी दे दी है।












Click it and Unblock the Notifications